Ghaziabad News : कावड़ यात्रा को लेकर गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने रूट डायवर्जन प्लान किया जारी
Ghaziabad News : आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने शहर में आज रूट डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। 29 जुलाई से भारी मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध लागू होगा, जबकि 5 अगस्त से 12 अगस्त तक शहर के अधिकांश प्रमुख मार्गों पर हल्के वाहनों, बसों और ऑटो के संचालन में व्यापक बदलाव रहेगा।
गाजियाबाद के डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि 29 जुलाई से मालवाहक वाहन शहर में प्रतिबंधित रहेगे। जिन वाहनों को हरिद्वार, अमरोहा, मुरादाबाद, लखनऊ आदि स्थानों पर जाना है, वे रोड नंबर-56 चौधरी चरण सिंह मार्ग, गाजीपुर मंडी, एनएच-नौ से होकर डासना इंटरसेक्शन से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और अक्षरधाम से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से होकर जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि बागपत की ओर दिल्ली जाने वाले भारी मालवाहक वाहन ट्रॉनिका सिटी, सोनिया विहार और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से होकर जाएंगे।हापुड़, बुलंदशहर की ओर से आने वाले वाहन डासना पुल, लालकुआं, आत्मराम स्टील प्लांट तिराहा से सीधे शहर की ओर न आकर एनएच-नौ से होकर जाएंगे। लोनी बॉर्डर से लोनी कस्बे की ओर भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। संतोष मेडिकल कट सिद्धार्थ विहार से मेरठ तिराहा की ओर भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। गौर ग्रीन, खोड़ा, कालापत्थर, छिजारसी, कनावनी पुस्ता से एनएच-नौ की ओर इंदिरापुरम क्षेत्र की ओर भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। गंगनहर पटरी, कांवड़ मार्ग, पाइपलाइन मार्ग, एनएच-34 और डीएमई पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। हापुड़, भोजपुर से आने वाले वाहन मोदीनगर और डीएमई की ओर नहीं जा सकेंगे। बता दें कि हरिद्वार से मेरठ होकर आने वाले शिव भक्त गाजियाबाद से होकर अन्य स्थानों को गुजरते हैं। हर वर्ष कांवड यात्रा लेकर प्रसाशन बड़े स्तर पर तैयारियां करता है।
उन्होंने बताया कि 5 अगस्त से गंगनहर पटरी, कांवड़ मार्ग, पाइपलाइन मार्ग पर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। मोहननगर, मेरठ तिराहा, राजनगर एक्सटेंशन, हापुड़ चुंगी की ओर से एनएच-34 पर मेरठ जाने वाली लेन में आवागमन कर सकेंगे।पलवल, कुंडली से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से आने वाले वाहन जो गाजियाबाद शहर, मुरादनगर, मोदीनगर जाएंगे वह पांच अगस्त की सुबह आठ बजे से दुहाई कट पर न उतरकर डासना कट पर उतरकर एनएच-नौ से होकर आगे जाएंगे।मेरठ तिराहा से मोहननगर, सीमापुरी बॉर्डर की ओर जान वाले वाहन पांच अगस्त से सीमापुरी बॉर्डर की ओर से आने वाली लेन में आवागमन कर सकेंगे।चौधरी मोड़, गऊशाला फाटक, हापुड़ तिराहा, कैला भट्टा की ओर से दूधेश्वरनाथ मंदिर की ओर से सभी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इसके अतिरिक्त पटेलनगर फ्लाईओवर पर भी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
पांच अगस्त से सभी प्रकार की बसें सीमापुरी बॉर्डर, तुलसी निकेतन से शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगी। बसें रोड नंबर-56 चौधरी चरण सिंह मार्ग, दिलशाद गार्डन दिल्ली, गाजीपुर मंडी, यूपी गेट, एनएच-नौ, डासना इंटरसेक्शन से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से होते हुए या अक्षरधाम से दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से होकर जा सकेंगी।बुलंदशहर से गाजियाबाद की ओर जाने वाली सभी बसें लालकुआं से संचालित की जाएंगी। आनंद विहार, कौशांबी से शहर की ओर सभी प्रकार की बसों का संचालन बंद रहेगा। उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ग्रीन कॉरिडोर की व्यवस्था करेगी। आवश्यकतानुसार ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, एनएच-नौ और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे का उपयोग कराया जाएगा। वीवीआईपी मूवमेंट के लिए भी अलग यातायात योजना तैयार की गई है।

