Noida News : वाटर पार्क में नहाते हुए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
Noida News : नोएडा के सेक्टर-38ए स्थित वाटर पार्क में नहाते समय मंगलवार शाम को एक युवक की तबियत खराब होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। युवक अपने परिजन के साथ ग्रेटर नोएडा से नोएडा आया था। घटना के बाद सेक्टर-39 थाना पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त जोन प्रथम श्रीमती मनीषा सिंह ने बताया कि ग्रेटर नोएडा के निवासी 21 वर्षीय द्रोण शर्मा स्नातक का छात्र था। अपने परिवार के साथ वह सेक्टर-38ए स्थित वाटर पार्क आया था। द्रोण व परिवार के लोग वाटर पार्क में नहा रहे थे। पूल में नहाते समय द्रोण की तबीयत अचानक खराब हो गई, तब वह पूल से बाहर निकल कर बैठ गया।
इसके बाद घर के लोगों ने पूल से बाहर निकलने का कारण पूछा तो बताया कि तबीयत ठीक नहीं लग रही है। इसके बाद तुरंत ही वाटर पार्क के स्टाफ को बताया गया और स्टाफ व परिवार के लोग एंबुलेंस से द्रोण को लेकर विनायक अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिवार के लोग बिलखकर रोने लगे। उन्हने बताया कि वाटर पार्क में नहाने के दौरान तबीयत बिगड़ी थी। जिस समय यह घटना हुई, उसके परिवार के अन्य सदस्य मौके पर मौजूद थे। पुलिस वाटर पार्क में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। परिजन ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है। इस घटना को लेकर पुलिस मृतक के परिजन व मौजूद वाटर पार्क के स्टाफ से बातचीत कर रही है।
सेक्टर-38ए स्थित वाटर पार्क में पहले भी इस तरह की घटना हुई हैं। अप्रैल 2024 में वाटर पार्क में नहाने आए दिल्ली निवासी धनंजय माहेश्वरी की मौत हो गई थी। धनंजय चार दोस्तों के साथ दिल्ली से नहाने के लिए वाटर पार्क आए थे। वाटर पार्क में धनंजय की तबीयत खराब हो गई थी और अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया था। इसमें वाटर पार्क प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगे थे।

