Noida News : जापानी पार्क में काम तेज, हरियाली का काम हुआ शुरू
Noida News : नोएडा के सेक्टर-94 में बन रहे जापानी पार्क का काम तेजी से चल रहा है। इसका सिविल का 70 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। अब उद्यान से संबंधित काम शुरू होगा। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि सिविल के काम के तहत चारदीवारी, पाथवे, वाटर बॉडी, मुख्य प्रवेश पर हट आदि बनाने समेत कुछ और अन्य काम पूरे कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि उद्यान से संबंधित काम कराने की तैयारी तेज कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर 94 में बन रहे जापानी पार्क में संस्कृति के उन पहलुओं को दिखाया जाएगा, जिसमें प्राकृतिक प्रेम शांति और आध्यात्मिक जैसे गुण देखने को मिलेंगे।
पार्क में जापानी झूले, ड्रैगन के आकार के झूले के अलावा कई सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि यहां झरने, नदियां, द्वीप और पुल होंगे नुमा भी चीजें बनाई जाएंगी। यहां पेड़ पौधे भी उगाए जाएंगे। यह करीब 9 एकड़ में बनाया जा रहा है। पार्क के अंदर दो वाटर बॉडी होंगी, बीच वाली वाटर बॉडी के ऊपर से फुटपाथ निकाला जाएगा। इसके अलावा पूरे पार्क में जॉगिंग ट्रेक बनवाया जाएगा। यह पार्क 8 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है।
CEO Noida Authority : नोएडा विकास प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि नोएडा जैसे शहर में ऊंची-ऊंची इमारतें, फ्लाईओवर, स्टेडियम है। वहीं बेहतर यात्रा के लिए मेट्रो के अलावा औद्योगिक इकाई, संस्थागत संस्थान हैं। उद्यान विभाग द्वारा विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधों को पार्क, ग्रीन बेल्ट, सेंट्रल वर्ज में हर साल रोपित किया जाता है। इसके अलावा सेक्टर-94 में कुछ महीने पहले ही वेस्ट मैटेरियल का प्रयोग कर नोएडा जंगल ट्रेल पार्क बनाया गया है। सेक्टर-78 में वेदों की थीम पर वेदवन पार्क बनाया जा चुका है। इनके अलावा सेक्टर-91 में औषधि पार्क विभिन्न प्रकार की औषधियों का भंडार है।

