Noida News : शेयर बाजार में निवेश के नाम पर महिला प्रोफेसर से 78.60 लाख रुपए की ठगी
Noida News : साइबर अपराधियों ने शेयर बाजार में निवेश का झांसा देकर सेवानिवृत्त महिला प्रोफेसर से 78.60 लाख रुपये ठग लिया। ठगो ने पीड़िता को निवेश करने पर मोटा मुनाफा दिलाने का प्रलोभन देकर फंसाया। पीड़िता की शिकायत पर साइबर अपराध थाने की पुलिस ने आज केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अपर पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम श्रीमती शैव्या गोयल ने बताया कि सेक्टर-56 में रहने वाली नीरू मेहता ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सेवानिवृत्त प्रोफेसर हैं। उनके व्हाट्सऐप पर 16 नवंबर 2025 को रिया कपूर नाम की महिला के मोबाइल से एक संदेश आया। संदेश में शेयर बाजार में निवेश करने पर मोटा मुनाफा दिलाने का प्रलोभन दिया गया था।
संदेश के साथ एक लिंक भी था। उस पर क्लिक करने पर वह एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ गईं। ग्रुप में 104 सदस्य जुड़े थे। व्हाट्सऐप ग्रुप पर लोग निवेश करने और लाभ की जानकारी साझा कर रहे थे। उस ग्रुप को 22 जुलाई 2025 को बनाया गया था। उस ग्रुप का एडमिन सहायक प्रोफेसर गगन जोशी था। उसने चैटिंग के जरिये शेयर बाजार में निवेश करने के बारे में जानकारी दी। जालसाजों ने 27 नवंबर को नीरू को बताया कि निवेश करने के बाद होने वाले लाभ पर उन्हें सिर्फ 15 प्रतिशत सेवा शुक्ल देना होगा, जबकि लाभ 980 प्रतिशत होगा। रिया कपूर ने 10 दिसंबर को उनके मोबाइल फोन में एक ऐप डाउनलोड कराकर खाता खोलने की जानकारी दी। इसके बाद से उन्होंने जालसाजों द्वारा दिए गए बैंक खाते से ट्रांजेक्शन करना शुरू कर दिया। सबसे पहले 10 दिसंबर को उन्होंने 70 हजार रुपये ट्रांसफर किए। पीड़िता ने 29 दिसंबर तक 23 बार में कुल 78 लाख 60 हजार 80 रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। एप पर रकम काफी बढ़ी हुई दिखाई दे रही थी। जालसाज रकम वापस मांगने पर 99 लाख रुपए टैक्स के नाम पर मांगने लगे। इसके बाद आरोपियों ने संपर्क तोड़ लिया। तब जाकर पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ। उनका कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उन्हें फ्रीज कराने की प्रक्रिया जारी है।

