Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में निर्माणाधीनं सीवरेज शोधित संयंत्र इस वर्ष हो जाएगा चालू
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में निर्माणाधीन सीवरेज शोधित संयंत्र (एसटीपी) इस वर्ष चालू हो जाएगा। अब तक 45 फीसदी से अधिक काम हो चुका है। गुरुवार को प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने सीवर विभाग की टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में यह दूसरा एसटीपी होगा। इसका संचालन होने पर इलाके में सीवर को शोधित करने की समस्या दूर हो जाएगी।
घरों से निकलने वाले दूषित जल को शोधित करने के लिए सेक्टर-एक में 45 एमएलडी क्षमता के एसटीपी का निर्माण किया जा रहा है। आधुनिक तकनीक पर आधारित इस संयंत्र पर 80 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में सीवर ओवरफ्लो की समस्या के स्थायी समाधान के लिए एसटीपी की संख्या बढ़ाने की योजना बनाई गई है। गुरुवार को निरीक्षण के दौरान पाया गया कि परियोजना का 45 फीसदी से अधिक काम हो गया। एसटीपी के मुख्य पंपिंग स्टेशन का निर्माण कार्य भी 85 फीसदी से अधिक हो चुका। अधिकारी के मुताबिक, सिविल यानी निर्माण से संबंधित कार्य, संयंत्र लगाने और बिजली का कार्य पूर्ण कर अगले 6 से 7 माह में एसटीपी का संचालन शुरू करने का लक्ष्य है। कार्यदायी संस्था को एसटीपी बनाने के साथ संचालन और रखरखाव के लिए 10 वर्ष की अवधि निर्धारित की गई है। प्राधिकरण अगले 25 वर्षों की योजना के तहत सभी मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने की योजना पर काम कर रहा है। इनमें से एक महत्वपूर्ण बिंदु स्वच्छता का भी है। योजना के मुताबिक, घरों और फैक्टरियों से निकलने वाले दूषित पानी का शत-प्रतिशत शोधन किया जाना है।
ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक, एसटीपी का डिस्पोजल चैनल हिंडन के किनारे स्थित होगा। संयंत्र को सौर ऊर्जा से भी युक्त किया जाएगा, ताकि बिजली की बचत हो सके। प्राधिकरण की योजना सीवर के पानी को शोधित कर पुन: उपयोग में लाने की है। अभी ग्रेटर नोएडा में चार एसटीपी चालू स्थिति में हैं, भविष्य में इनकी संख्या 10 से अधिक की जाएगी। घरों और फैक्टरियों से निकलने वाले गंदे पानी को शोधित करने के लिए प्राधिकरण ने नॉलेज पार्क-5 में 50 एमएलडी और सेक्टर आईटी सिटी में 12 एमएलडी क्षमता के एसटीपी के निर्माण की भी योजना बनाई है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एनजी ने बताया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए एसटीपी के निर्माण पर जोर दिया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में निर्माणाधीन एसटीपी के काम में तेजी लाने के लिए दिशा- निर्देश दिए गए हैं। परियोजना को समय से पूरा करने का लक्ष्य है। यह एसटीपी आधुनिक तकनीक पर आधारित है। इससे पर्यावरण को किसी तरह का नुकसान नहीं होगा।

