Noida News : भाजपा सांसद के अस्पताल से महिला का लैपटॉप चोरी करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

Jan 22, 2026 - 19:11
Noida News : भाजपा सांसद के अस्पताल से महिला का लैपटॉप चोरी करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
भाजपा सांसद के अस्पताल से महिला का लैपटॉप चोरी करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

Noida News : भाजपा सांसद के अस्पताल से एक महिला का लैपटॉप चोरी करने वाले दो बदमाशों को थाना सेक्टर 20 पुलिस ने आज गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने रेकी करने के बाद दिल्ली-एनसीआर के घरों, पीजी और अस्पतालों से लैपटॉप चोरी करनी स्वीकार किया है। आरोपियों के पास से चोरी के 17 लैपटॉप, दो तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद हुई। 

Police Station Sector 20 Noida News : अपर पुलिस उपायुक्त श्रीमती शैव्या गोयल ने बताया कि अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सेक्टर-20 थाने की पुलिस ने सेक्टर-27 की ओर चढ़ने वाले एलिवेटेड रोड के पास से स्कूटी सवार दो युवकों को आज गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि तलाशी लेने पर उनके पास से दो तमंचे, कारतूस बरामद हुए। आरोपियों की पहचान दिल्ली के आदर्श नगर निवासी कमल सिंह उर्फ देव और पंजाब के जिला अमृतसर के तरनतारन गांव निवासी दुष्यंत चौपड़ा उर्फ बोनी के रूप में हुई। पूछताछ करने पर पता चला कि वे दिल्ली-एनसीआर के घरों, पीजी और अस्पतालों से कीमती सामान चोरी करते हैं। आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थान से चोरी किए 17 लैपटॉप बरामद हुए। आरोपी कमल सिंह ने बताया कि वह वर्तमान में सेक्टर-45 स्थित तपस्या नशा मुक्ति केंद्र में नौकरी करता है, जबकि दुष्यंत चौपड़ा ने बताया कि वह सेक्टर-45 स्थित शांति भवन में किराये पर रहता है। दोनों आपस में दोस्त हैं और चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। 

 अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपियों के पास से बरामद एक लैपटॉप के मालिक की पहचान कर ली गई है। आरोपियों ने गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी मीना बख्शी का लैपटॉप सेक्टर-27 स्थित कैलाश अस्पताल से 12 दिसंबर की रात करीब 12:30 बजे चोरी किया था। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की तस्वीर कैद हो गई थी। यह अस्पताल भाजपा सांसद डॉक्टर महेश शर्मा का है। वहीं, गोरखपुर के दरशनवा बाबा टोल निवासी विरेंद्र कुमार यादव का लैपटॉप समेत बैग 25 नवंबर को सेक्टर-27 स्थित इंदिरा मार्केट से चोरी किया था। बैग में लैपटॉप के अलावा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। उसमें से पीड़ित का आधार कार्ड बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे चोरी की वारदातें अपना शौक पूरा करने के लिए करते थे। जांच में पुलिस को पता चला कि कमल सिंह के खिलाफ नोएडा और दिल्ली के थानों में चार मुकदमे दर्ज हैं, जबकि दुष्यंत चौपड़ा उर्फ बोनी के खिलाफ दिल्ली नोएडा में नौ मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पूर्व में भी कई बार जेल जा चुके हैं।