Noida News : नोएडा हिंसा पर यूपी सरकार ने गठित की हाई लेवल जांच कमेटी
Noida News : जनपद गौतम बुद्ध नगर मे श्रमिकों द्वारा वेतन बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर हुई हिंसा और आगजनी को लेकर सीएम योगी ऐक्शन में आ गए हैं। मजदूरों के हितों की रक्षा और औद्योगिक शांति बनाए रखने को लेकर यूपी सरकार ने बड़ा फैसला लिया गया है। सीएम योगी के निर्देश पर एक हाई लेवल कमेटी बनाई गई है। नोएडा हिंसा जांच के लिए गठित इस कमेटी में श्रमिक संगठन के पांच और उद्यमी संघ के तीन प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। औद्योगिक विकास आयुक्त को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है।
प्रमुख सचिव डॉक्टर एमके शन्गुमा सुंदरम की ओर से सोमवार को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि नोएडा के औद्योगिक मुद्दों के दृष्टिगत, संबंधित पक्षों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित कर औद्योगिक सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। अधिसूचना के अनुसार समिति के अध्यक्ष औद्योगिक विकास आयुक्त होंगे, जबकि अपर मुख्य सचिव (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग) तथा प्रमुख सचिव (श्रम एवं सेवायोजन विभाग) उसके सदस्य नामित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त सदस्य सचिव के रूप में श्रम आयुक्त (कानपुर-उप्र) को नामित किया गया है।
अधिसूचना के मुताबिक श्रमिक संगठन के प्रतिनिधि के रूप में पांच सदस्य और उद्यमी संघ के प्रतिनिधि के तौर पर तीन सदस्य नामित किए जाएंगे। यह उच्च स्तरीय समिति प्राथमिकता के आधार पर संबंधित प्रकरण का परीक्षण करते हुए अपनी रिपोर्ट शीघ्र ही शासन को प्रस्तुत करेगी। यह भी कहा गया कि 'निजी स्वार्थों' या राजनीतिक उद्देश्यों से माहौल खराब करने के किसी भी प्रयास की गहन जांच की जाएगी। उत्तर प्रदेश में अराजकता की अनुमति नहीं दी जाएगी और समस्याओं के उचित समाधान निकाले जाएंगे। बतादें कि सीएम योगी के निर्देश के बाद हाई लेवल कमेटी सभी से सामंजस्य बनाने और बातचीत करने के लिए नोएडा पहुंची है। कमेटी के लोग यहां के अधिकारियों और विभिन्न संगठनों के लोगों के साथ बातचीत कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक बैठक जारी है। कमेटी जल्द ही जांच रिपोर्ट यूपी सरकार को सौंपेगी।

