Noida News : झांसे मे लेकर महिला और उसके साथियों ने खुलवाया अकाउंट, साइबर अपराधियों को करवाया उपलब्ध
Noida News : थाना सेक्टर 58 में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि एक महिला ने अपने साथियों संग मिलकर नौकरी लगवाने के नाम पर उसके दस्तावेज ले लिया तथा उसके माध्यम से फर्जी अकाउंट खुलवाकर साइबर अपराधियों को अकाउंट उपलब्ध करवा दिया। जिसमें साइबर अपराधी ठगी की रकम को ट्रांसफर करते थे। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Police Station Sector 58 Noida News : थाना सेक्टर 58 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि बीती रात को रविंद्र कुमार ने कोर्ट के आदेश पर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बबीता, राहुल, विजय और बबीता की बेटी और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है। पीड़ित के अनुसार वह पूर्व में टैक्सी चलाता था। बबीता ने एक दिन उससे कहीं पर जाने के लिए कार हायर किया। इसके बाद बबीता ने कहा कि आपका व्यवहार बहुत अच्छा है। आपको हम लोग कहीं भी जाना होगा तो बुला लेंगे।
पीड़ित के अनुसार उसने कई बार बबीता और उसके परिवार के लोगों को अपनी टैक्सी से उनके गन्तव्य तक छोड़ा। उसके बाद उसने टैक्सी चलाना छोड़कर ऑटो चलाना शुरु कर दिया। एक दिन बबीता का कही जाने के लिए फोन आया तो उसने कहा कि वह अब कार नहीं चला रहा है। ऑटो चला रहा है। इस बात पर बबिता ने कहा कि आप ईमानदार व्यक्ति हो। मेरे से आकर मिलो। आपकी नौकरी मै किसी अच्छी कंपनी में लगवा दूंगी। पीड़ित के अनुसार वह बबीता की बात पर विश्वास करके उसके बताए हुए स्थान बिशनपुर गांव पहुंचा। वहां पर कुछ लोग पहले से मौजूद थे। उससे कहा गया की नौकरी के लिए बैंक में अकाउंट खुलवाना पड़ेगा। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसे झांसे में लेकर एक बैंक अकाउंट खुलवाया तथा उससे कहा गया कि आपके दस्तावेज वेरीफाई होने के बाद आपकी नौकरी लग जाएगी।
पीड़ित का आरोप है कि इन लोगों ने अपने जाल में फंसाकर उसके अकाउंट को साइबर अपराधियों को उपलब्ध करवा दिया। उसे अकाउंट में जो भी ओटीपी आई थी, आरोपी उससे मांग लेते थे। पीड़ित को इस घटना की उस समय जानकारी हुई। जब बेंगलुरु सिटी पुलिस ने उसे एक नोटिस दिया और बताया गया कि उसके खिलाफ बेंगलुरु में मुकदमा दर्ज है। जब आरोपियों से मिलने गया तो उन्होंने उसके साथ गाली-गलौजकर धमकी दी। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

