Noida News : नोएडा श्रमिक हिंसा के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Apr 20, 2026 - 08:25
Noida News : नोएडा श्रमिक हिंसा के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
नोएडा श्रमिक हिंसा के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Noida News : नोएडा के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्र में बीते 13 अप्रैल को हुए हिंसक प्रदर्शन के मामले में शामिल दो बदमाशों को नोएडा पुलिस ने रविवार की देर रात को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी इस घटना के मुख्य साजिश कर्ता आदित्य आनंद से हुई पूछताछ के बाद की गई है। दोनों बिगुल मजदूर दस्ता के सक्रिय सदस्य हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपी घटना वाले दिन नोएडा में मौजूद थे तथा मास्टरमाइंड से लगातार संपर्क में थे।

पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि नोएडा पुलिस ने रविवार की देर रात को 13 अप्रैल को हुए हिंसक मजदूर प्रदर्शन के मामले में दो आरोपियों हिमांशु ठाकुर पुत्र रामकुमार ठाकुर निवासी ग्राम नियर रुद्राक्ष गार्डन गढ़वाल जनपद उधम सिंह नगर हाल निवासी शालीमार गार्डन दिल्ली तथा सत्यम वर्मा पुत्र डॉ लाल बहादुर वर्मा निवासी जनपद लखनऊ को थाना फेस-2 क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि दोनों अभियुक्त बिगुल मजदूर दस्ता के सक्रिय सदस्य हैं। उन्होंने बताया कि अभियुक्त हिमांशु घटना के दिन नोएडा में मौजूद था, तथा साथ ही वह इस घटनाओं के मास्टरमाइंड आदित्य आनंद के लगातार संपर्क में था। उन्होंने बताया कि दोनों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार हिमांशु यूट्यूबर है। 

उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में इससे पूर्व आदित्य आनंद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अब दोनो की गिरफ्तारी को जांच में एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है। आशंका है कि प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा को संगठित रूप देने में कुछ लोगों ने पर्दे के पीछे सक्रिय भूमिका निभाई थी। ऐसे में हिमांशु से पूछताछ के जरिए पुलिस को कई नए सुराग मिलने की उम्मीद है। श्रमिक आंदोलन के दौरान हुई हिंसा के बाद से पुलिस, एसटीएफ और खुफिया एजेंसियां लगातार मामले की तह तक जाने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और जो भी व्यक्ति हिंसा भड़काने या साजिश रचने में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

पुलिस अधिकारियों को जांच में पता चला है कि हिमांशु ठाकुर एमए करने के बाद श्रमिकों की आर्थिक व अन्य समस्याओं को लेकर पीएचडी करने की तैयारी कर रहा था। वह इस संगठन से आकृति नाम की युवती के संपर्क में आने के बाद जुड़ा था। आकृति को नोएडा पुलिस ने श्रमिक हिंसा मामले में पहले गिरफ्तार किया है। वहीं आकृति ने उसका संपर्क तमिलनाडु से गिरफ्तार हुए एक लाख के इनामी आदित्य आनंद से कराया था। आदित्य आनंद के साथ वह श्रमिकों के आंदोलन व जनसभा में आने जाने लगा।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वह लगातार श्रमिकों के संपर्क में था, तथा वीडियो कॉल के माध्यम से भड़काने का काम कर रहा था। इस मामले में आधा दर्जन लोगों को पुलिस ने पूछताछ के लिए उठाया था, जिन्हें पूछताछ के बाद छोड़ा गया है। पुलिस सूत्र बताते हैं कि इस संगठन के लखनऊ स्थित कार्यालय पर भी नोएडा पुलिस ने छापेमारी की है। वही नोएडा श्रमिक हिंसा के मामले में शांति भंग की धारा में गिरफ्तार किए गए करीब 1000 श्रमिकों को पुलिस ने जेल से रिहा कर दिया है। रिहाई के दौरान शर्तें रखी गई है कि वे जेल से छूटने के बाद दोबारा कोई ऐसा अपराध ना करें, जिसे सार्वजनिक शांति भंग हो।