Noida News : जिस कंपनी से फूटी थी श्रमिक आंदोलन की चिंगारी वहां पहुंची डीएम, महिलाओं से किया सीधा संवाद
Noida News : जनपद गौतम बुद्ध की जिलाधिकारी ने बुधवार को नोएडा सेक्टर-84 स्थित रिचाको एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रमिकों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए कार्य परिस्थितियों एवं अन्य आवश्यकताओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
जिला सूचना निदेशक सुनील कुमार कनौजिया ने बताया कि जिलाधिकारी ने बुधवार को फैक्ट्री परिसर में पहुंचकर श्रमिकों को उत्तर प्रदेश शासन द्वारा श्रमिक हितों में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों, विशेष रूप से हाल ही में की गई वेतन वृद्धि, बोनस, कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य कल्याणकारी नीतियों के संबंध में विस्तारपूर्वक अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन का उद्देश्य श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना एवं उन्हें बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर कंपनी प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
DM Noida : जिलाधिकारी ने प्रबंधन को शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस का पूर्ण अनुपालन करने के लिए कहा तथा यह भी कहा कि श्रमिकों की सुविधाओं एवं सुरक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही न की जायें।
जिलाधिकारी ने महिला श्रमिकों से भी संवाद स्थापित किया और उनकी कार्यस्थल संबंधी समस्याओं, सुरक्षा एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आश्वस्त किया कि महिला श्रमिकों की सुरक्षा एवं सम्मान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस दिशा में सभी आवश्यक कदम लगातार उठाए जा रहे हैं। श्रमिकों ने सरकार द्वारा की गई वेतन वृद्धि एवं कल्याणकारी निर्णयों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरकार का आभार प्रकट किया। मालूम हो कि रिचाको कंपनी से ही श्रमिक आंदोलन की चिंगारी फूटी थी।

