Noida News : सीबीएसई 10वीं परीक्षा के परिणाम में नोएडा रीजन का परिणाम गिरा, देश भर में 20 वें स्थान पर खिसका,1.75 की गिरावट
Noida News : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं परीक्षा के परिणाम में इस बार नोएडा रीजन का प्रदर्शन पिछले वर्ष की तुलना में कमजोर रहा है। इस साल नोएडा रीजन का कुल रिजल्ट 87.66 प्रतिशत दर्ज किया गया, जबकि पिछले वर्ष यह 89.41 प्रतिशत था। इस तरह परिणाम में 1.75 प्रतिशत की गिरावट आई है। देशभर के रीजनल प्रदर्शन में नोएडा रीजन को 20वां स्थान मिला है।
CBSE Board Exam Result : केंद्रीय शिक्षा माध्यमिक बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार नोएडा रीजन में कुल 18 जनपद शामिल हैं। पिछले वर्ष रीजन के भीतर जिलों की रैंकिंग में नोएडा पांचवें स्थान पर रहा था। उस समय नोएडा का परिणाम 90.75 प्रतिशत दर्ज किया गया था। रीजन में मेरठ पहले स्थान पर रहा था, जबकि दूसरे स्थान पर पीलीभीत, तीसरे पर गाजियाबाद और चौथे स्थान पर शाहजहांपुर था। पिछले वर्ष नोएडा रीजन के 18 जिलों के 1,658 स्कूलों के 1,68,658 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें 68,261 छात्राएं और 1,00,397 छात्र शामिल थे। छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा था। कुल 63,073 छात्राएं सफल हुई थीं, जिससे उनका पास प्रतिशत 92.04 रहा। वहीं 87,722 छात्र पास हुए थे और उनका पास प्रतिशत 87.38 प्रतिशत दर्ज किया गया था।
सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट 2026 घोषित होने के बाद, छात्र अपने परिणाम कई सुविधाजनक तरीकों से देख सकते हैं। यदि किसी एक माध्यम में तकनीकी समस्या हो, तो छात्र नीचे दिए गए विकल्पों का उपयोग कर सकते हैं:
आधिकारिक वेबसाइट: cbseresults.nic.in और cbse.gov.in पर जाकर रोल नंबर से परिणाम देखें। UMANG एप: umang.gov मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए भी छात्र अपना परिणाम देख सकते हैं।
इस वर्ष सीबीएसई 10वीं के परिणाम में रीजन वाइज प्रदर्शन में त्रिवेंद्रम रीजन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.79 प्रतिशत पास के साथ देश में पहला स्थान हासिल किया है। त्रिवेंद्रम के साथ-साथ विजयवाड़ा ने भी 99.79 फीसद हासिल किया, जबकि चेन्नई 99.58 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके बाद बेंगलुरु ने 98.91 फीसद और दिल्ली वेस्ट ने 97.45 फीसद पास प्रतिशत के साथ टॉप 5 रीजन में अपनी जगह बनाई।

