Noida News : साइबर ठगी से नामी सीमेंट कंपनी के पदाधिकारी को पुलिस ने बचाया

Dec 5, 2024 - 17:36
Noida News : साइबर ठगी से नामी सीमेंट कंपनी के पदाधिकारी को पुलिस ने बचाया
Google Image
Noida News : साइबर अपराध थाना पुलिस ने नामी सीमेंट कंपनी के पदाधिकारी और उनकी पत्नी को साइबर ठगी का शिकार होने से बचा लिया। साइबर अपराधियों ने बैंक खाते में सेंधमारी की और पत्नी को फोन कॉल करके ओटीपी मांगा। महिला ने इसकी जानकारी पति को दी, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ओटीपी देने से इन्कार करते हुए साइबर अपराधियों की खोजबीन शुरू कर दी है।
Noida News :

बैंक खाते में सेंधमारी के दौरान पीड़ित से कॉल करके मांग रहे थे ओटीपी
जागरूकता के चलते ठगी का शिकार होने से बचे, पुलिस को दी सूचना

थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार गौतम ने बताया कि सेक्टर-77 में रहने वाले प्रदीप एक नामी सीमेंट कंपनी में बड़े पद पर कार्यरत हैं। बुधवार को उनकी पत्नी के पास अज्ञात व्यक्ति ने कॉल की। उसने बताया कि वह उनके पिता का परिचित बोल रहा है। वह उनके पिता के साथ ही है। आरोपी ने महिला से कहा कि बैंक खाते में गलती से उनका मोबाइल नंबर अटैच हो गया है। वह कुछ ट्रांजेक्शन कर रहे हैं, लेकिन ओटीपी महिला के नंबर पर आ रहा है। इसलिए मोबाइल पर जो ओटीपी आया है वह बता दें। शुरुआत में महिला को विश्वास हो गया, लेकिन जागरूकता के चलते उन्होंने पति को फोन करके पूरी जानकारी दी। पति ने बिना उनकी अनुमति के ओटीपी देने से इन्कार कर दिया। साइबर अपराधी के लगातार फोन करने से परेशान महिला अपने पति के साथ गुरुवार को साइबर अपराध थाने पहुंचीं। उन्होंने पूरी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बताया कि वह किसी भी ऐसे व्यक्ति से बैंक खाता संबंधी जानकारी साझा न करें, जिसे वह जानते नहीं हैं। साथ ही बताया कि बैंक के कर्मचारी या अधिकारी कभी भी बैंक खाता संबंधी जानकारी नहीं मांगते हैं। पीड़ित ने कहा कि बार-बार कॉल आने के चलते वह बहुत डरे हुए थे। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि साइबर अपराधियों ने बैंक खाते को लॉगइन करने का प्रयास किया था। उसी के लिए ओटीपी मांग रहे थे, लेकिन जागरूकता के चलते सफल नहीं हो पाए।