Noida News : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आदेश का खुला उल्लंघन, 60 प्रतिशत बूथों पर तैनात नही कर पाए बीएलए

Dec 8, 2025 - 12:49
Noida News : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आदेश का खुला उल्लंघन,  60 प्रतिशत बूथों पर तैनात नही कर पाए बीएलए

Noida News : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा एसआईआर को लेकर जितनी गंभीर और संवेदनशील दिखाई जा रही है, उनकी पार्टी के निचले स्तर के नेता उतनी ही लापरवाही बरत रहे हैं। देश के हाइटेक सिटी नोएडा में तो सपा का यह हाल है कि पार्टी के आला कमान द्वारा जारी आदेश के बावजूद भी हुए यहां के नेता हर बूथ पर अपने बूथ लेवल एजेंट भी तैनात नहीं कर पाए हैं। मात्र 40 फीसदी बूथ पर ही सपा के नेता बीएलए तैनात कर पाए हैं। इस बात को लेकर जहां समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में भारी रोष है, वहीं भाजपा और बसपा के नेताओं ने सपा पर आक्रामक हमला करते हुए कहा है कि सपा के लोग एसआईआर को लेकर सिर्फ बयान बाजी कर चुनाव आयोग और सरकार के खिलाफ माहौल पैदा कर रहे हैं। जमीनी स्तर पर इनको इससे कुछ लेना-देना नहीं है। 

Samajwadi Party : समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं द्वारा लगातार अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को सजग और सतर्क किया जा रहा हैं। इसके बावजूद भी नोएडा महानगर के नेता कोई सबक लेने को तैयार नहीं है। आलम यह है की विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सपा के नेता यहां के 60 फीसदी से ज्यादा बूथों पर अपने एजेंट तैनात नहीं कर पाए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ पर जाकर एसआईआर के तहत भरे जा रहे फॉर्म को भरवाने तथा हर व्यक्ति के मतदाता पहचान पत्र बनवाने की जिम्मेदारी पार्टी के नेताओं को सौंपी है। उन्होंने हर विधानसभा के प्रत्येक बूथ पर अपनी पार्टी की तरफ से एक-एक बीएलए लगाने के लिए पार्टी के पदाधिकारियों को निर्देशित किया है। भारत के निर्वाचन आयोग ने भी प्रत्येक राष्ट्रीय पार्टी के लोगों को एसआईआर में सहयोग करने के लिए बीएलए तैनात करने का आह्वान किया है। हर पार्टियों ने अपने-अपने स्तर से प्रत्येक बूथ पर अपने-अपने एजेंट लगाया है।  

 गौतम बुद्ध नगर के विधानसभा 61 पर भी इस प्रक्रिया में सभी बूथो पर एक-एक व्यक्ति बीएलए के रूप में लगाने का निर्देश सपा के पार्टी अध्यक्ष ने दिया था। लेकिन यहां के नेता इतने नकारे निकले कि वे प्रत्येक बूथ पर बीएलए नहीं लगा पाए। पिछली विधानसभा में दूसरे नंबर पर चुनाव लड़ने वाली पार्टी का आलम यह है कि 60 प्रतिशत से ज्यादा बूथों पर पार्टी के नेता बीएलए तैनात नहीं कर पाए, जबकि भाजपा ने 752 मे से प्रत्येक बूथ पर अपने बीएलए तैनात किया है। यहां तक की गौतम बुद्ध नगर में हाशिये पर जा चुकी बहुजन समाज पार्टी ने भी हर बूथ पर अपने बीएलए तैनात किया।

 

इस बात को लेकर समाजवादी पार्टी के नेताओं में भारी रोष है। दो दिन पूर्व सपा महानगर की एसआईआर को लेकर हुई बैठक भी चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जाता है कि प्रदेश कार्यकारिणी एक सदस्य ने भरी सभा में सपा के महानगर अध्यक्ष और उनकी कमेटी के नेताओं को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि पार्टी के आदेशों का उल्लंघन क्यों किया जा रहा है। हर बूथ पर हम बीएलए तैनात क्यों नहीं कर पाए। इस बात का कोई जवाब नहीं दे पाया। सूत्र बताते हैं कि सपा महानगर अध्यक्ष के कुछ समर्थकों ने जब कोई जबाब नही सूझा तो उनके ऊपर आक्रामक हमला करते हुए कहा कि आप बीजेपी से सपा में आए हैं। इसलिए इस तरह की बातें करते हैं। लेकिन पार्टी ने जिन पांच लोगों को नोएडा विधानसभा 61 के एसआईआर के लिए प्रभारी बनाया है, उन लोगों ने भी खुलकर इस बात को कहा कि सपा के महानगर अध्यक्ष हर बुथ पर बीएलए तैनात नहीं कर पाए। उनका कहना है कि सपा महानगर अध्यक्ष लोगों के बीच में नहीं रहते हैं। यही वजह है कि है वे हर बुथ पर बीएलए तैनात नहीं कर पाए। पार्टी नेताओं के अनुसार 2027 का विधानसभा चुनाव सिर पर है। अगर यही हाल रहा तो पार्टी की स्थिति 2017 विधान सभा चुनाव से भी खराब हो जाएगी।

 समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष और नोएडा विधानसभा के एसआईआर के लिए बनाए गए प्रभारी मे से एक प्रमुख नेता महेंद्र यादव ने कहा कि उन्होंने इस बात की को लेकर सपा महानगर अध्यक्ष को कई बार चेताया है, लेकिन वह उनकी बात को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सपा के शीर्ष नेतृत्व को इस बात से अवगत करा रहे हैं। सपा के वरिष्ठ नेता और समाजवादी पार्टी को इस शहर में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाने वाले राकेश यादव ने भी इस बात पर अपना रोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं। उन्होंने कहा कि हम सपा के हाई कमान तक इस बात को पत्र लिखकर पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर पार्टी काफी गंभीर है, और इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

इस बात को लेकर सपा के महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने कहा कि हमने ज्यादातर बुथ पर बीएलए तैनात किया है। लेकिन जब उनसे पूछा गया कि जिला प्रशासन ने जो सूची जारी की है उसमें 60 प्रतिशत से ज्यादा बूथ पर बीएलए सपा द्वारा तैनात नहीं किए गए हैं। इस बात का वह जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि हम अपनी सूची उपलब्ध कराएंगे। जिला प्रशासन की सूची ठीक नहीं है। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी वह सूची उपलब्ध नहीं कर पाए। इसको लेकर पार्टी के नेता महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता को घेरते हुए नजर आ रहे हैं।

  

सपा के पास नहीं बचा जनाधार महेश चौहान

 भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने इस बात को लेकर कहा कि सपा के लोग सिर्फ एसआईआर को लेकर सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जनता के बीच माहौल बनाने का काम कर रहे हैं। उनके अनुसार सपा के लोग इसको लेकर कितने गंभीर हैं इस बात से ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि 60 प्रतिशत बूथों पर बीएलए तैनात नही किया।

भाजपा के महानगर अध्यक्ष महेश चौहान ने कहा कि सपा इसको लेकर कितना गंभीर है इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सपा का जमीन पर जनाधार नहीं बचा है। उनके ऊपर से जनता का विश्वास उठ गया है। उनके पास अब कार्यकर्ता भी नहीं बचे हैं।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कभी झूठ और फरेब का सहारा नहीं लेती। वह धरातल पर जाकर सच्चाई के साथ जनहित का कार्य करती है। 

उन्होंने कहा कि सपा के लोग इसलिए शोर मचा रहे हैं कि उनके समय में जो फर्जी वोट बनाए गए थे वे पकड़े जाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि कई जगह देखने में आया कि वहां पर कोई नहीं रहता था, लेकिन 8 या 10 लोगों का वोट बना हुआ था। उन्होंने कहा कि भाजपा में यह हालत है कि मुख्यमंत्री से लेकर उप-मुख्यमंत्री और भाजपा के बड़े-बड़े नेता इसको लेकर लगातार समीक्षा बैठक कर रहे हैं, और हर कार्यकर्ता जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त बीएलओ के साथ लगा हुआ है।

 

एसआईआर को लेकर बसपा गंभीर: नरेश उपाध्याय

 वहीं बसपा नेताओं ने भी कहा कि बसपा इस को लेकर काफी गंभीर है। और हर कार्यकर्ता इस कार्य में जुटा हुआ है। महानगर अध्यक्ष नरेश उपाध्याय ने बताया कि हम सुबह से लेकर रात तक एक-एक बीएलए से संपर्क करते हैं, तथा वह कहां है और उसके साथ कितने लोग हैं इसकी भी जानकारी रखते हैं। उन्होंने कहा कि हर बीएलए की लोकेशन और सरकार द्वारा तैनात किए गए बीएलओ के साथ मौजूदगी की फोटो भी कार्यकर्ताओं से मंगवाई जा रही है। ताकि कोई कार्यकर्ता इस कार्य में लापरवाही ना बरत सके।

 

बीएलए नियुक्त करने के लिए पार्टियों से लगातार किया जा रहा है अपील

इस बाबत उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौतम बुद्ध नगर अतुल कुमार ने कहा कि पार्टियों से बूथों पर बीएलए नियुक्त करने के लिए बार-बार अपील की जा रही है। मुख्य दलों ने काफी बूथों पर बीएलए नियुक्त भी किए हैं। कुछ बूथों पर कुछ पार्टियों बीएलए नियुक्त नहीं कर पाई हैं। बीएलए की मदद से मतदाताओं के सत्यापन करने में सहयोग लिया जा रहा है। जो मतदाता ट्रेस नहीं हो रहे हैं, उनकी सूची भी उनको उपलब्ध कराई जा रही है।