Ghaziabad News : होटल पर खाना लेने गए तीन लोगों पर घातक हमला, दो की मौत, एक घायल

Jan 31, 2026 - 08:40
Ghaziabad News : होटल पर खाना लेने गए तीन लोगों पर घातक हमला, दो की मौत, एक घायल
Police team at the crime scene

Ghaziabad News : गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर रात को आंबेडकर गेट के नजदीक स्थित वैष्णो ढाबे पर दो युवकों की हत्या कर दी गई। घटना में एक अन्य युवक घायल है। पुलिस ने उसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है। यह घटना दो पक्षों में खाने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई गई। इस घटना से खोड़ा थाना क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मौके पर भारी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। पुलिस घटना में शामिल आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

पुलिस उपायुक्त ट्रांसहिंडन निमिष पाटील ने बताया कि खोड़ा थाना क्षेत्र के आंबेडकर गेट के नजदीक कागज मार्केट की गली में वैष्णो ढाबा है। वहां पर शुक्रवार की देर रात को दो पक्षों में कहा सुनी हो गई थी। इसी बीच दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ा कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवकों पर हमला बोल दिया। इस घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि युवकों पर हमला चाकू और पत्थरों से किया गया था। इस हमले में सत्यम, श्रीपाल और अनुराग घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पैदल ही वहां से भाग निकले। घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को नजदीकी अस्पताल मे उपचार के लिए लेकर पहुंची। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि अस्पताल में सत्यम और श्रीपाल की उपचार के दौरान मौत हो गई। घायल तीसरे युवक अनुराग का इलाज चल रहा है।

डीसीपी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया हैं। घटना में मृत युवकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस हत्या के आरोपियों की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। डीसीपी ने बताया कि देर रात पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने की कोशिश में जुटी हुई थी। इस घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। कुछ लोगों का कहना है कि यह घटना होटल के लोगों द्वारा कारित की गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।