Ghaziabad News : विभिन्न सड़क हादसों में एक कांवड़िये की मौत, आधा दर्जन घायल

Aug 9, 2026 - 19:05
Ghaziabad News : विभिन्न सड़क हादसों में एक कांवड़िये की मौत, आधा दर्जन घायल
Symbolic Image

Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के विभिन्न जगहों पर हुए विभिन्न सड़क हादसों में एक कांवड़िये की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौड के मीडिया प्रभारी ने बताया कि दिल्ली के शिवपुरी कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय चंदन अपने साथी करण के साथ स्कूटी से कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार जा रहे थे। शनिवार रात लगभग एक बजे वह दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर थाना भोजपुर क्षेत्र के गांव सैदपुर के पास पहुंचे तो किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद स्कूटी सवार चंदन और करन उछलकर काफी दूर जा गिरे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भर्ती करवाया। चिकित्सको ने रविवार को चंदन को मृत घोषित कर दिया, करन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दें दी गई है। 

उन्होंने बताया कि इसके अलावा गाजियाबाद निवासी रवि कुमार और सोनू बाइक पर सवार होकर हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे थे। जैसे ही वे दिल्ली मेरठ मार्ग पर गांव सीकरी कला के पास पहुंचे तो तेज रफ्तार एक बुलेट मोटरसाइकिल सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए।उन्होंने बताया कि दिल्ली के रोहिणी निवासी गौरव, प्रियांक, सुमित और मयंक भी बाइक से हरिद्वार जा रहे थे, दिल्ली मेरठ मार्ग पर बस स्टैंड के पास इनकी बाइक अज्ञात वाहन से भिड़ गई। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दें दी गई।