Ghaziabad News : यूपी के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा के आवास पर लगा स्मार्ट मीटर
Ghaziabad News : केंद्र सरकार की आरडीडीएस योजना के तहत इस बार स्मार्ट मीटर योजना के अंतर्गत योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी) के आवास पर स्मार्ट मीटर लगाया गया है।
इस दौरान मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि "यह केंद्र सरकार की एक बेहतरीन योजना है, जो पारदर्शी विद्युत प्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। यह न केवल उपभोक्ताओं को सही और पारदर्शी बिल प्राप्त करने में मदद कर रही है, बल्कि राज्य की बिजली व्यवस्था को भी सुदृढ़ बना रही है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि "स्मार्ट मीटर डिजिटल इंडिया के क्षेत्र में एक बड़ी क्रांति है। यह समय बचाती है और आपको स्मार्ट बनाती है। स्मार्ट मीटर समय की मांग है। हमारा लक्ष्य है कि जल्द ही हर घर में स्मार्ट मीटर लग जाए। स्मार्ट मीटर का हर घर में इंस्टॉल होना तकनीकी विकास का हिस्सा है और यह एक नई सोच की शुरुआत भी है।"
इस अवसर पर चीफ इंजीनियर पवन अग्रवाल ने कहा कि "गाजियाबाद शहर में लगभग 7 लाख 5 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के परिसरों में स्मार्ट मीटर की स्थापना की जानी है। जिसमें से करीब 1 लाख 25 हजार उपभोक्ताओं के परिसरों में स्मार्ट मीटर इंस्टॉल किए जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश में 3 करोड़ 9 लाख 78 हजार स्मार्ट मीटर इंस्टॉल किए जाने हैं। जिसमें से 79 लाख 8 हजार से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि आप प्रतिदिन कितनी यूनिट बिजली खर्च कर रहे हैं, इसे एप पर लाइव देख सकते हैं। साथ ही, प्रीपेड मीटर में कितना बैलेंस बचा है, इसकी जानकारी भी होम स्क्रीन पर उपलब्ध होती है। इसके तहत उपभोक्ता गूगल पे, फोन-पे या क्रेडिट कार्ड के जरिए सीधे एप से ही स्मार्ट मीटर रिचार्ज कर सकता है। उन्होंने बताया कि बिजली कटने या वोल्टेज की समस्या होने पर ऐप के जरिए ही शिकायत दर्ज होगी और उसका स्टेटस भी ट्रैक किया जा सकेगा।

