Noida News : सरहद पार से रची गई नोएडा हिंसा की साजिश, पुलिस कमिश्नर ने बताया पाक कनेक्शन
Noida News : नोएडा के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्र में वेतन बढ़ाने को लेकर श्रमिकों के हुए हिंसक आंदोलन की तार पाकिस्तान से जुड़े है। भारतीय नाम से बनाए गए दो एक्स हैंडल के माध्यम से श्रमिकों को लगातार भड़काया जा रहा था। इसमें वीपीएन का भी दुरुपयोग किया गया।
Police Commissioner Gautam Buddh Nagar : पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने बृहस्पतिवार की शाम को आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 13 अप्रैल को वेतन वृद्धि को लेकर श्रमिकों द्वारा किये गये उग्र और हिंसक आंदोलन के पीछे पाकिस्तानी लोगों का हाथ है। उन्होंने कहा कि जांच में यह पाया गया कि कुछ लोग सोशल मीडिया एक्स और अन्य प्लेटफार्म के माध्यम से श्रमिकों को भड़का रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में थाना सेक्टर 20 में मुकदमा अपराध संख्या 121/ 2026 धारा 353(1),353(2) बीएनएस और 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ। उन्होंने बताया कि विवेचना के दौरान पता चला कि जिन अनुषि तिवारी, और मीर इलियास (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का नामित सोशल मीडिया समन्वयक) के नाम से एक्स हैंडल बनाए गए थे, वे वास्तव में पाकिस्तान से ऑपरेट हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि जांच मे वीपीएन का भी दुरुपयोग पाया गया है। उन्होंने बताया कि जांच जारी है।
उन्होंने बताया कि आज स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। सुबह से ही पुलिस बल द्वारा जगह-जगह फ्लैग मार्च किया गया, तथा सेक्टर स्कीम को लागू कर पेट्रोलिंग कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि जनपद गौतम की विभिन्न इकाइयां और संस्थान खुली है, तथा उनमें श्रमिक शांतिपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रमिकों के वेतन बढ़ाने के लिए वेज बोर्ड का गठन किया है। श्रमिकों के साथ हुए समझौते की शर्तों का लागू कराया जा रहा है। इस समय श्रमिकों में संतोष है तथा पुलिस के अधिकारी लगातार श्रमिकों से बातचीत कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों जो हिंसा प्रदर्शन हुआ था उसमें ज्यादातर शरारती तत्व बाहरी थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि कुछ विशेष लोग आंदोलनकारी को भड़का रहे हैं। इसी जांच के तहत बीते 11 अप्रैल की रात को रूपेश राय और मनीषा को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में कुछ लोग फरार है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जो बाहरी तत्व श्रमिक हिंसा के दौरान जांच में प्रकाश में आए हैं, उनके बैंक खातों की जांच की जा रही है। गिरफ्तार लोगों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार 66 लोगों में 42 लोग मजदूर नहीं है। इससे साफ जाहिर होता है कि अशांति फैलाने के लिए बाहरी तत्वों ने साजिश रची। उन्होंने बताया कि मामले में अब तक 13 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि रूपेश राय आदि जो कि इस आंदोलन में हिंसा फैलाने के लिए जिम्मेवार हैं, इन लोगों ने एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद से ही नोएडा में आना-जाना शुरू किया था। पुलिस कई पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत विदेशी ताकते उत्तर प्रदेश में आ रहे भारी औद्योगिक निवेश को प्रभावित करना चाह रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस की आठ टीमें लगाकर इस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया की उत्पाती लोगों को बक्सा नहीं जाएगा, और शांतिपूर्वक काम करने वाले न्याय प्रिय श्रमिकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।

