Noida News : बेटे के साथ समलैंगिक संबंध का विरोध करने पर महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Apr 16, 2026 - 18:38
Noida News : बेटे के साथ समलैंगिक संबंध का विरोध करने पर महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
बेटे के साथ समलैंगिक संबंध का विरोध करने पर महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Noida News : बेटे के साथ समलैंगिक संबंध बनाने वाले व्यक्ति का विरोध कर रही एक महिला की थाना सेक्टर-113 क्षेत्र में चाकू मारकर महिला कर दी गई। हत्या के मामले का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू और मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया है। यह वारदात बुधवार को देर रात को ग्राम सर्फाबाद में हुई थी।

अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान मोहम्मद शफीक (45 साल) उर्फ जावेद पुत्र फतहेहार मोहम्मद उर्फ बुदुल के रूप में हुई है, आरोपी को टिवोली फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-113 में हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी का मृतका के बेटे के साथ समलैंगिक संबंध था, जिसे लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतका फूलजहां को आरोपी का उसके बेटे के साथ मेलजोल बिल्कुल पसंद नहीं था और वह इसका विरोध करती थी। इसी कारण दोनों के बीच कई बार कहासुनी भी हो चुकी थी।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मृतका के बेटे से मिलते रहने के लिए एक योजना बना रहा था। इसके तहत वह अपनी मौसी की बेटी की शादी मृतका के बेटे से कराना चाहता था, ताकि उसका घर में आना-जाना बना रहे। लेकिन मृतका इस प्रस्ताव के लिए लगातार मना कर रही थी।

15 अप्रैल को भी आरोपी इसी मुद्दे पर बातचीत करने फूलजहां के घर गया था। जहां पर उसने एक बार फिर शादी का प्रस्ताव रखा, लेकिन मृतका ने साफ इनकार कर दिया। इसी बात से आरोपी को गुस्सा आ गया और उसने आवेश में आकर चाकू से कई वार कर महिला की हत्या कर दी।हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। स्थानीय स्तर पर सुराग जुटाए गए और आरोपी की तलाश में टीमें गठित कीं। लगातार कोशिशों के बाद पुलिस ने आरोपी को आज गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से फतेहपुर जिले के गाजीपुर कस्बे का निवासी है, और वर्तमान में नोएडा के सर्फाबाद गांव में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध चाकू और मृतका का टूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। स्थानीय लोगों के बीच इस वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।