Noida News : मिशन शक्ति-5 के तहत नोएडा पुलिस ने निकाली जागरूकता रैली

Mar 24, 2026 - 14:12
Noida News : मिशन शक्ति-5 के तहत नोएडा पुलिस ने निकाली जागरूकता रैली
मिशन शक्ति-5 के तहत नोएडा पुलिस ने निकाली जागरूकता रैली

Noida News : उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति -5 अभियान के तहत आज गौतम बुद्ध नगर पुलिस ने एक जागरूकता रैली निकाली। इसके माध्यम से महिलाओं, बच्चियों और बच्चो को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि किस तरह से अपराध के प्रति वे आवाज़ उठाएं ,और अपने स्वाभिमान को बरकरार रखें। 

Police Commissioner Gautam Buddh Nagar : पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने इस अवसर पर बोलते हुए कहा कि मिशन शक्ति अभियान पांच के तहत चैत्र नवरात्रि में आज आम जनता, बच्चो और महिलाओं के बीच में जागरूकता फैलाने के लिए एक रैली का आयोजन किया गया। इसके माध्यम से सरकार द्वारा चलाए जा रहे महिला सुरक्षा समेत विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से यूपी पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए जितने भी अभियान/कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, उसके बारे में बताया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र बने हैं। उसमें महिला संबंधित सभी प्रकार के समस्याओं का निदान करने के लिए पुलिस कर्मियों को ट्रेनिंग दी जा रही है तथा उन्हें इस बात के लिए प्रेरित किया जा रहा है कि जो भी थाने में बने मिशन शक्ति केंद्र में आए उसे पूर्णतया संतुष्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि हमें आशा है कि मिशन शक्ति सशक्तिकरण केंद्र बनकर उभरेगा। उन्होंने बताया कि 28 तारीख तक पहला फेस तथा 29 मार्च से 7 अप्रैल तक दूसरा चरण चलेगा।

 उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए अलग-अलग अवेयरनेस कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। उनके लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में वृहद रूप से साक्षरता और जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति प्रोग्राम के तहत जिन लोगों ने सहयोग दिया है ,जनता में जागरूकता फैलाने में सहयोग किया है, ऐसे सामाजिक संस्थाओं और महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा। पुलिस आयुक्त ने मिशन शक्ति जागरूकता रैली में शामिल महिला पुलिसकर्मियों से भी जाकर बातचीत की। उन्होंने अच्छे कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाया। उनके सवाल का जवाब देते हुए कई महिला पुलिस कर्मियों ने कहा कि अब उन्हें किसी जांच में जाने के लिए पुरूष पुलिस कर्मी की जरूरत नहीं पड़ती, वे लोग निर्भीक होकर अपना काम कर रही हैं। कुछ महिला पुलिस कर्मियों ने कहा कि उनका प्रयास होता है कि जो भी पीड़ित महिला थाने में बने मिशन शक्ति केंद्र में शिकायत लेकर आ रही है, उसका पूर्णतया निराकरण किया जाए।