Noida News : सोसाइटी में लापरवाही से हो रहे मरम्मत कार्य के चलते 25वीं मंजिल से बच्ची के सिर पर गिरा पत्थर, हालत गंभीर

Aug 18, 2025 - 08:10
Noida News : सोसाइटी में लापरवाही से हो रहे मरम्मत कार्य के चलते 25वीं मंजिल से बच्ची के सिर पर गिरा पत्थर, हालत गंभीर

Noida News : थाना सेक्टर 113 क्षेत्र के सेक्टर-119 स्थित आम्रपाली प्लेटिनम सोसायटी में लापरवाही से हो रहे मरम्मत कार्य से बच्ची के सिर पर 16 अगस्त को 25 वीं मंजिल से पत्थर का टुकडा गिर गया। बच्ची के सिर में गहरा घाव हुआ है। सिर में आठ टांके लगे हैं। गहरा घाव होने की वजह से अब बच्ची के सिर की सर्जरी हो रही है।

बच्ची के परिजनों की शिकायत पर थाना सेक्टर-113 पुलिस ने एनबीसीसी अधिकारी, निर्माण कंपनी के मालिक, एओए पदाधिकारी समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बच्ची की सेक्टर-62 स्थित निजी अस्पताल में सर्जरी हुई है।

Police Station Sector 113 Noida News : थाना सेक्टर 113 के प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि आम्रपाली प्लेटिनम सोसायटी निवासी 12 वर्षीय अद्विका पाटनी टावर-ए के पिछले गेट से सुबह 10 बजे ट्यूशन के लिए बाहर निकलीं। टावर से बाहर निकलते ही उनके सिर पर पत्थर गिरा। सिर में गहरा घाव हो गया। सूचना स्वजन को मिली। नजदीकी अस्पताल उपचार के लिए लेकर पहुंचे। सिर में आठ टांके लगाए गए।

उन्होंने बताया कि इस घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन द्वारा पुलिस को दी गई से पुलिस को सूचना दी गई।बच्ची को सेक्टर-62 स्थित फॉर्टिस अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है। यहां अद्वविका की सर्जरी हुई है। बच्ची के दादा सुनील कुमार ने पुलिस को शिकायत देकर मामला दर्ज कराया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में लापरवाही से हो रहे निर्माण कार्य को लेकर पुलिस ने नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कंपनी (एनबीसीसी) के सीजीएम आदित्य पालीवाल, प्रोजेक्ट मैनेजर सुशांत, निर्माण कर रही कंपनी के मालिक कपूर ओनर, मैनेजर मसूर अहमद, साइट इंजीनियर देवेंद्र कुमार उर्फ देव कुमार, एओए अध्यक्ष आदित्य वशिष्ठ और सचिव अजीत समेत आठ के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

सोसाइटी के निवासियों के अनुसार जून 2024 से कृष्णा कंस्ट्रक्शन कंपनी एनबीसीसी से अनुमति मिलने के बाद आम्रपाली की परियोजनाओं में मरम्मत और रंगाई पुताई का कार्य कर रही है। टावर-ए में 15 अगस्त की छुट्टी के बाद बिना बताए मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया। निवासियों का आरोप है कि मरम्मत कार्य से पहले ग्रीन नेट, चेतावनी बोर्ड, सेफ्टी नेट, नहीं लगाया गया। लोगों को सुरक्षा संबंधी जागरूता का कोई संदेश नहीं भेजा गया। जिस ओर मरम्मत कार्य हो रहा था उस रास्ते को भी बंद नहीं किया गया। लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ है।