Noida News : रेलवे से रिटायर्ड अधिकारी को 3 सप्ताह तक डिजिटल अरेस्ट कर साइबर अपराधियों ने 18 लाख रुपया ठगा
Noida News : रेलवे से रिटायर्ड अधिकारी को अपने जाल में फंसाकर साइबर अपराधियों ने मनी लांड्री का भय दिखाकर उन्हें तीन सप्ताह तक डिजिटल अरेस्ट करके उनसे 18 लाख रुपए की ठगी कर ली है।
Cyber Crime Police Station Noida News : पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम श्रीमती शैव्या गोयल ने बताया कि रविवार को थाना साइबर क्राइम में तिरुमले नाम्बी निवासी ग्रेटर नोएडा वेस्ट ने थाने मे रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी उम्र 69 वर्ष है। वह रेलवे से रिटायर्ड अधिकारी हैं। उनके अनुसार 12 मार्च को उनके मोबाइल फोन पर अज्ञात साइबर अपराधियों का फोन आया। उन्होंने कहा कि वह मुंबई क्राइम ब्रांच के अधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि आपका आधार कार्ड का प्रयोग करके केनरा बैंक में खाता खुलवाया गया है, जिसका एटीएम कार्ड मनी लांड्रिंग के केस में पकड़े गए एयरलाइन संचालक नरेश गोयल के घर में मिला है। उन्होंने कहा कि आपके खाते में मनी लांड्री से संबंधित धनी राशि आई है। इसमें आपका नाम आया है। इसलिए आपसे पूछताछ की जाएगी।
इस बात से बुजुर्ग व्यक्ति भयभीत हो गए। उन्होंने उनके बताए अनुसार कार्य करना शुरू कर दिया। पीड़ित के अनुसार 3 सप्ताह तक आरोपियों ने डिजिटल अरेस्ट करके उन्हे रखा। उन्हें भयभीत एवं मानसिक दबाव में रखकर उनसे उनके विभिन्न बैंकों में रखे हुए 18 लाख रुपया अपने बताए हुए खाते में ट्रांसफर करवा लिया। आरोपियों ने कहा कि यह रकम जांच के बाद आपको वापस कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पीड़ित के अनुसार जब काफी दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों ने उनकी रकम वापस नहीं की तो उन्हें शक हुआ तथा उन्होंने रविवार को थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज करवाया है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस उन बैंक खातों की जांच कर रही है जिनमें बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा पैसे ट्रांसफर किए गए हैं।

