Noida News : यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र में बनेगा एवीजीसी पार्क

Aug 3, 2026 - 21:54
Noida News : यमुना  विकास प्राधिकरण क्षेत्र में बनेगा एवीजीसी पार्क

Noida News : यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के पास एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक (एवीजीसी) पार्क विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए 100 एकड़ भूमि आवंटित की जाएगी। इस परियोजना से क्षेत्र डिजिटल कंटेंट निर्माण और मनोरंजन उद्योग का प्रमुख केंद्र बनेगा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-21 में अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी प्रस्तावित है। इसी के पास एनिमेशन पार्क विकसित करने के लिए देश और विदेश की कई प्रतिष्ठित कंपनियों को निवेश और साझेदारी के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। डिज्नी जैसी वैश्विक कंपनियों से भी इस परियोजना में रुचि लेने का आग्रह किया जाएगा।

Yamuna Expressway Industrial Development Authority News : यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि प्रस्तावित परियोजना में आधुनिक एनीमेशन स्टूडियो, वीएफएक्स लैब, गेम डेवलपमेंट सेंटर, डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन इकाइयां, प्रशिक्षण संस्थान, स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर और अनुसंधान सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे फिल्म, ओटीटी, विज्ञापन, गेमिंग और डिजिटल मीडिया उद्योग को एक ही परिसर में आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। परियोजना का सबसे बड़ा लाभ युवाओं को मिलेगा। वर्तमान में एनीमेशन, गेमिंग और वीएफएक्स क्षेत्र में प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के लिए मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु या विदेश का रुख करना पड़ता है। एनीमेशन पार्क विकसित के बाद उन्हें यीडा क्षेत्र में ही उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही स्थानीय उद्यमियों और स्टार्टअप्स को भी अपनी प्रतिभा दिखाने और कारोबार बढ़ाने का मंच मिलेगा। यह परियोजना सेक्टर- 21 में फिल्म सिटी के पास होगी, नोएडा एयरपोर्ट से इसकी दूरी 10 मिनट की रहेगी।