Noida News : यूपी- रेरा ने दी 10 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी
Noida News : उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने सोमवार को गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद समेत पांच जिलों की 10 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी। इन परियोजनाओं में फ्लैट, विला और दुकानें मिलाकर 1632 इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। गौतमबुद्ध नगर में 680 दुकानें बनेंगी।
यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर में तीन व्यावसायिक परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं में 680 दुकानें यानी व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। इसमें 281.64 करोड़ का निवेश आने का अनुमान है। गाजियाबाद में एक आवासीय और एक व्यावसायिक परियोजना को मंजूरी दी गई है।
इन दो परियोजनाओं में फ्लैट और दुकान मिलाकर कुल 625 इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।उन्होंने बताया कि लखनऊ में तीन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिनमें दो आवासीय और एक व्यावसायिक परियोजना शामिल है। इन परियोजनाओं में 26.57 करोड़ का अनुमानित निवेश होगा। साथ ही कुल 215 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों का विकास किया जाएगा। गोरखपुर में₹144.09 करोड़ के अनुमानित निवेश वाली एक मिश्रित परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के तहत 69 इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। वहीं, मुरादाबाद में 3.05 करोड़ रूपए के अनुमानित निवेश वाली एक आवासीय परियोजना को मंजूरी मिली है। इसके अंतर्गत 43 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।

