Noida News : दिल्ली नगर पालिका परिषद से रिटायर्ड महिला से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 72 लाख की ठगी

Aug 14, 2025 - 09:38
Noida News : दिल्ली नगर पालिका परिषद से रिटायर्ड महिला से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 72 लाख की ठगी

Noida News : साइबर ठगो ने शेयर मार्केट में निवेश कर लाखों रुपए की कमाई का झांसा देकर एक बुजुर्ग महिला से 72 लाख रुपए की ठगी कर ली। पीड़िता दिल्ली नगर पालिका परिषद से सेवानिवृत है। ठगो ने 6 बार में अलग-अलग खातों मे रकम ट्रांसफर करवाई। पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

Cyber Police Station Noida News : पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम श्रीमती प्रीति यादव ने बताया कि नोएडा के सेक्टर 105 स्थित एक्सप्रेस व्यू अपार्टमेंट में रहने वाली श्रीमती मंजू शर्मा ने साइबर क्राइम थाने में बीती रात को शिकायत की है कि उनसे अप्रैल महीने में अद्विकी नमक युवती ने संपर्क किया, और उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा। उसने खुद का वित्तीय विशेषज्ञ और ट्रेनिंग सलाहकार के रूप में परिचय दिया। व्हाट्सएप ग्रुप में पहले से काफी लोग मौजूद थे, और सभी को ट्रेडिंग की जानकारी व प्रशिक्षण दिया जा रहा था। उन्होंने बताया कि पीड़िता के अनुसार ग्रुप में सदस्य मुनाफे का स्क्रीनशॉट भी साझा कर रहे थे। निवेश की सफलता के बारे में जानकारी दी जा रही थी। इस दौरान मंजू पर भी निवेश कर मुनाफा कमाने का दबाव बनाए जाने लगा। एक ट्रेडिंग एप्लीकेशन के माध्यम से निवेश करने का सुझाव महिला को दिया गया, जिस महिला ने मंजू को ग्रुप में जोड़ा उसका सहयोग राकेश जैन नाम का व्यक्ति कर रहा था। मुनाफा कमाने के चक्कर में मंजू ने कई बार में 72 लाख रुपए निवेश कर दिया। शुरुआत में उन्हें कुछ मुनाफा हुआ। उसे निकालने की उन्हें अनुमति भी दी गई। ठगो ने इस दौरान महिला से एक ऐप भी डाउनलोड करवाया। जहां निवेश करने पर मुनाफा समेत राशि बढ़ती हुई दिखाई दे रही थी। महिला ने 72 लाख रुपए निवेश करने के बाद जब अपने मुनाफे सहित सारी रकम निकालनी चाही तो साइबर अपराधियों ने इसकी अनुमति नहीं दी। उसपर 49 लाख 50 हजार रुपए और ट्रांसफर करने का दबाव बनाए जाने लगा। जब महिला ने मना किया तो ठगो ने उसे ग्रुप से बाहर निकाल दिया। इसके बाद पीड़िता को ठगी का एहसास हुआ तथा उन्होंने घटना की शिकायत साइबर क्राइम थाना पुलिस से की।

Bisrakh Cyber Hacker News : वही एक अन्य मामले में थाना बिसरख क्षेत्र में रहने वाले संजीव गुप्ता का मोबाइल फोन हैककर साइबर अपराधियों ने 2.88 लाख रुपया उनके खाते से निकाल लिया। उन्होंने इस घटना की शिकायत पुलिस से की है। थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित संजीव गुप्ता की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित के अनुसार 19 जुलाई को उनके मोबाइल फोन के फोन पर एक लिंक आया। क्लिक करने पर अपराधियों ने उनके फोन को हैक कर लिया तथा उनके खाते से रकम निकाल ली।