Greater Noida News : उप्र. राज्य महिला आयोग की सदस्य ने निक्की के परिजनों से की मुलाकात, कहा दोषियों के विरुद्ध होगी कड़ी कार्रवाई
Greater Noida News : जनपद गौतमबुद्व नगर का चर्चित निक्की हत्याकांड (Nikki Murder Case) देश-प्रदेश में इन दिनों चर्चाओं में है। इसी बीच बुधवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग (Uttar Pradesh State Women Commission) की सदस्य डॉक्टर मीनाक्षी भराला, निक्की हत्याकांड के संबंध में आज मृतका के पैतृक गांव रूपवास दादरी पहुंचीं। उन्होंने निक्की की हत्या के संबंध में पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी प्राप्त की तथा परिजनों के प्रति अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में महिला आयोग की सदस्य ने कहा कि यह अत्यंत दुखद एवं गंभीर घटना है। इस मामले में दोषियों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके उपरांत दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए महिला आयोग, जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।
Uttar Pradesh State Women Commission : महिला आयोग की सदस्य ने कहा कि हमें घरेलू हिंसा एवं दहेज प्रथा जैसी कुप्रथाओं के विरुद्ध मिलकर विचार करना होगा और ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि महिला आयोग का मानना है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान तभी सुनिश्चित हो सकता है जब समाज स्वयं भी इन बुराइयों के उन्मूलन के लिए जागरूक होकर आगे आए। उन्होंने जनपद वासियों से आह्वान किया कि वे बेटियों और महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में सहयोग करें। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि यदि बेटियां ससुराल में घरेलू हिंसा की शिकार हो रही है, और वह अपने मायके में आ गई है और वह ससुराल में दोबारा जाने के लिए इच्छुक नहीं है, तो गांव समाज द्वारा उनको जबरन ससुराल ना भेजा जाए। इस दौरान एसीपी अजीत कुमार सिंह सहित अन्य जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
Police Station Kasna Greater Noida News : मालूम हो कि थाना कासना क्षेत्र के सिरसा गांव में ब्याही श्रीमती निक्की की उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने चार दिन पूर्व जलाकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने उसके पति, सास, ससुर और जेठ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस मामले में उसकी बहन कंचन ने थाना कासना में हत्या की धारा मे रिपोर्ट दर्ज कराई है।

