Ghaziabad News : बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित कर उसपर डाली गंदी चीज, लोगों ने जमकर किया हंगामा

Sep 28, 2026 - 15:31
Ghaziabad News : बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित कर उसपर डाली गंदी चीज, लोगों ने जमकर किया हंगामा

Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित नवयुग मार्केट में लगी बाबा भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा से रविवार की देर रात असामाजिक तत्वों ने छेड़छाड़ की। मूर्ति को खंडित करने के बाद असामाजिक तत्वों ने उसपर गंदा चीज फेंक कर उसे अपमानित भी किया। सोमवार को नवयुग मार्केट के व्यापारियों और अंबेडकर के अनुयायियों ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बाजार में धरना दिया। मौके पर पहुंची विजयनगर और नगर कोतवाली पुलिस ने गुस्साए लोगों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मूर्ति को बदलने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। इस मामले में थाना नगर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रतिमा के आसपास मौजूद लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली गई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छेड़छाड़ की कोशिश कब की गई और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान करने में लगी है। उनका कहना है कि जांच के आधार पर घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है, ताकि किसी तरह की स्थिति न बिगड़े। उन्होंने बताया कि अंबेडकर की मूर्ति बदलवई जा रही है। वहां पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैं। चबूतरे को मजबूत और ऊंचा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं इस घटना की सूचना पाकर समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कई सामाजिक संस्थाओं के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी देर तक नारेबाजी कर हंगामा किया। पुलिस और जिला प्रशासन के लोग अंबेडकर की मूर्ति बदलवाने और अंबेडकर के अनुयायियों द्वारा की गई अन्य मांगों को पूरा करने में जुटे हुए हैं।