Ghaziabad News : महिला का शव फंदे से लटका मिला, ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप
Ghaziabad News : गाजियाबाद के थाना मोदीनगर क्षेत्र मे स्थित सुदामापुरी कॉलोनी में बीती रात को एक महिला का शव पंखे के फंदे से लटका मिला। उसके परिजनों ने मंगलवार को थाने पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान मायके पक्ष के लोगों ने पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया।
Police Station Modinagar Ghaziabad News : थाना मोदीनगर के प्रभारी निरीक्षक नरेश शर्मा ने बताया कि सुदामापुरी कॉलोनी में सोमवार को रात को गीता नाम की महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसका शव कमरे में पंखे से लटका मिला था। पुलिस के पहुंचने से पहले ससुराल पक्ष के लोगों ने शव को फंदे से उतार दिया था। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मंगलवार को महिला के पिता और अन्य परिजन कोतवाली पहुंचे और हंगामा किया।
पिता के अनुसार उनकी पुत्री गीता की हत्या की गई है। ससुराल पक्ष के लोग आए-दिन उसके साथ मारपीट करते थे। कई बार पंचायत भी हुई थी। गीता पर मायके से पैसे लाने के लिए दबाव बनाया जाता था। पिता के अनुसार कई बार एक-एक लाख रुपये मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के लोगों को दिए थे। आरोप है कि पति सहित अन्य लोगों ने हत्या कर शव को फंदे से लटकाया था। इस मामले में कार्रवाई होनी चाहिए। थाना प्रभारी ने बताया कि हंगामा कर रहे लोगों को समझा बूझाकर उन्हें शांत किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

