Noida News : आधुनिक हथियारों और सेवा भाव व्यक्त करते हुए लगा यूपी पुलिस का स्टॉल लोगों के लिए बना आकर्षण का केंद्र
Noida News : एक्सपो मॉर्ट ग्रेटर नोएडा में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग द्वारा अपना पुलिस स्टॉल लगाते हुए प्रतिभाग किया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस स्टॉल “स्मार्ट पुलिस प्रोग्रेसिव यूपी” थीम पर आधारित है, स्टॉल पर नियुक्त पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा नागरिकों/आगंतुकों को नवीनतम कानूनों, सुरक्षा एवं नागरिक सेवाओं, पुलिस में हो रहे नवाचार एवं पुलिस कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी दी जा रही है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण और पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में एक्सपो मार्ट में यूपी पुलिस का स्टॉल लगाया गया है इस स्टॉल के माध्यम से एसटीएफ, एटीएस , यूपी-112, यातायात पुलिस, महिला हेल्पलाइन- 1090, साइबर सेल, एफएसएल, टेलीकॉम, एसडीआरएफ , जीआरपी व फायर विभाग सहित विभिन्न इकाइयों द्वारा अपनी सेवाओं का प्रदर्शन कर नागरिकों को जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस के यूपी-112 के द्वारा लगाये गये स्टॉल पर उद्घाटन दिवस से ही बड़ी संख्या में नागरिक, विशेषकर उद्यमी व युवा, पुलिस विभाग के स्टॉल पर पहुंच रहे है। एटीएस और एसटीएफ द्वारा प्रदर्शित आधुनिक हथियारों व तकनीकी उपकरणों को देखने के लिए युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। स्टॉल पर आने वाले आगंतुकों को पुलिस की विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और आधुनिक तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस तकनीकी सेवा द्वारा आमजन को नागरिक सेवाओं जैसे चरित्र सत्यापन, ऑनलाइन शिकायत पंजीकरण, यूपी-काॅप व अन्य एप्लीकेशन के संबंध में जानकारी दी जा रही है व साइबर सेल के स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को वर्तमान में हो रहे साइबर अपराध जैसे डिजिटल अरेस्ट, फ़िशिंग, रैंसमवेयर, मैलवेयर और ट्रोजन,एआई-आधारित हमले, सेक्सटॉर्शन, साइबरबुलिंग, वित्तीय धोखाधड़ी, निवेश धोखाधड़ी, फर्जी वेबसाइट पर शॉपिंग धोखाधड़ी या विज्ञापनों के जरिए ऑनलाइन खरीददारी में धोखाधड़ी करना,फेक कस्टमर केयर, म्यूल अकाउंट्स का इस्तेमाल, फेक लोन ऐप आदि के संबंध में जानकारी दी गयी व इन फ्रॉडों से सुरक्षित रहने के उपाय व फ्रॉड होने पर तत्काल 1090 पर कॉल करने, नजदीकी साइबर सेल को अवगत कराने या आनलाइन साइबर पोर्टल : www.cyberpolice.uppolice.gov.in पर शिकायत पंजीकृत कराने के संबंध में बताकर आमजन को जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि बालिकाओं/छात्राओं और महिला संबंधित अपराधों, लैंगिग अपराध, महिला संबंधित कानून, साइबर क्राइम एवं साइबर सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, मिशन शक्ति, शुभ मंगल योजना सहित महिलाओं एवं बालिकाओं की ‘सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन’ के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। छोटे बच्चों को गुड टच-बैड टच की जानकारी देकर जागरूक किया जा रहा है। महिला हेल्पलाइन : 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन : 1076, साइबर हेल्पलाइन : 1930, आपातकालीन सेवा : 112, चाइल्ड हेल्पलाइन : 1098, महिला हेल्पलाइन : 181, आदि हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि ट्रेड शो में आने के दौरान देश-विदेश के नागरिक, बुद्धिजीवी, मंत्रीगणों तथा वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने भी स्टॉल का भ्रमण कर उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की है।

