Ghaziabad News : चार साल की बच्ची के साथ बलात्कार कर हत्या करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों पैर में लगी गोली
Ghaziabad News : जनपद गाजियाबाद में 4 साल की मासूम के साथ बलात्कार करके हत्या करने वाले दरिन्दे को पुलिस मुठभेड़ में दो गोली लगी है। आरोपी की पहचान गौरव प्रजापति के रूप में हुई है, जिसने पूछताछ के दौरान बच्ची की हत्या और रेप करने की बात कबूल की है।
पुलिस के अनुसार, थाना नंदग्राम में दर्ज मुकदमा संख्या 129/26 के तहत आरोपी गौरव प्रजापति से पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान उसने खुलासा किया कि उसने नाबालिग बच्ची की रेप के बाद हत्या की थी और घटना के बाद अपने खून से सने हाथ को एक रुमाल से साफ कर उसे घटनास्थल के पास झाड़ियों में फेंक दिया था। आरोपी की निशानदेही पर सबूत बरामद करने के लिए पुलिस टीम उसे घटनास्थल पर लेकर पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने पहले से छिपाए गए अवैध हथियार से पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल गाजियाबाद भेजा गया है।
इस मामले में सहायक पुलिस आयुक्त नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है, जिसमें हत्या के पीछे की वजह और अन्य संभावित पहलुओं को खंगाला जा रहा है। एसीपी नंदग्राम के मुताबिक, नंदग्राम थानाक्षेत्र में सोमवार को एक चार साल की बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस बच्ची की तलाश में जुटी हुई थी, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच सोमवार रात को डायल 112 को सूचना मिली कि नंदग्राम थानाक्षेत्र में एक बच्ची का शव पड़ा है।पुलिस ने लापता बच्ची के परिजनों को बुलाकर पहचान कराई तो उन्होंने उसकी शिनाख्त अपनी बेटी के रूप में की। परिजनों ने बताया कि सोमवार को बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। वह एकाएक लापता हो गई। बड़े भाई ने बहन को गायब देख पिता को फोन किया। परिवार के लोग ढूंढने निकले, लेकिन पता नहीं चला। देर रात परिजनों के पास पुलिस का फोन आया कि एक बच्ची का शव पड़ा हुआ मिला है। परिजन पहुंचे तो उसकी शिनाख्त अपनी बच्ची के रूप में की थी।

