Noida News : पंजाब से तस्करी करके बिहार में बेचने के लिए ले जाई जा रही 60 लाख रुपए कीमत की अंग्रेजी शराब बरामद
Noida News : जनपद गौतम बुद्ध नगर के आबकारी विभाग ने बुधवार तड़के एक सूचना के आधार पर पंजाब से तस्करी करके बिहार प्रांत में बेचने के लिए ले जाई जा रही करीब 60 लाख रुपए कीमत की 570 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि इस गैंग के लोग काफी दिनों से अवैध रूप से शराब तस्करी में संलिप्त हैं।
जनपद गौतम बुद्ध नगर के आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आज तड़के एक सूचना के आधार पर मेरठ की आबकारी विभाग की प्रवर्तन टीम, जनपद गौतम बुध नगर की आबकारी टीम ने एक संयुक्त अभियान के तहत लोहारली टोल के पास से एक अशोक लीलैंड ट्रक को कब्जे में लिया। इसमें थर्मोकोल की बोरियों के पीछे छुपाकर 570 पेटी अंग्रेजी शराब रखी गई थी। यह शराब पंजाब प्रांत में बेचने के लिए बनाई गई थी। उन्होंने बताया कि आबकारी विभाग ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि यह शराब पंजाब प्रांत से लाई जा रही है, तथा इसे बिहार प्रांत में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। बिहार प्रांत में मदिरा बिक्री के लिए प्रतिबंधित है। इस बात का फायदा उठाकर शराब माफिया सस्ती दर में पंजाब से शराब खरीद कर बिहार में ऊंचे दाम पर बेचते हैं। पूछताछ के दौरान आबकारी विभाग को यह भी पता चला है कि ट्रक मालिक और ड्राइवर एक सुनियोजित तरीके से शराब तस्करी के धंधे को अंजाम दे रहे हैं। ये लोग कुछ दूर तक ट्रक चलाने के बाद उसे खड़ा कर देते हैं, फिर दूसरा ड्राइवर आता है जो ट्रक को लेकर आगे जाता है। इसी तरह से पंजाब से बिहार पहुंचने तक कई बार ट्रक चालक और वाहन भी बदल जाते हैं ताकि गिरफ्त में ना आए। उन्होंने बताया की जानकारी में यह भी आया है कि तस्करी के शराब को ढोरहे वाहनों के आगे पीछे लोग चलते हैं, तथा उन्हें पायलट करते हुए अधिकारियों की चेकिंग की सूचना उपलब्ध कराते हैं। अगर कहीं चेकिंग हो रही होती तो वाहनों को रोक दिया जाता है, या किसी और रास्ते से निकाल लिया जाता है।

