Noida News : गाजियाबाद समेत विभिन्न जनपदों में 12 रियल एस्टेट परियोजनाओं को यूपी रेरा ने दी मंजूरी

Sep 22, 2026 - 22:45
Noida News : गाजियाबाद समेत विभिन्न जनपदों में 12 रियल एस्टेट परियोजनाओं को यूपी रेरा ने दी मंजूरी

Noida News : उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने गाजियाबाद समेत छह जिलों की 12 रियल एस्टेट परियोजनाओं को आज मंजूरी दी है। इनमें 3090 फ्लैट और दुकानों का निर्माण किया जाएगा। इसमें 1663.85 करोड़ रुपये का निवेश आएगा।

 यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने बताया कि लखनऊ में कुल चार परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें दो आवासीय, एक व्यावसायिक और एक मिश्रित परियोजना शामिल है। इन परियोजनाओं में कुल 609.35 करोड़ का अनुमानित निवेश होगा और 1972 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। गाजियाबाद में कुल तीन आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं में कुल 605.06 करोड़ का अनुमानित निवेश होगा। इनके माध्यम से 574 आवासीय इकाइयों का विकास किया जाएगा। हापुड़ में दो आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं में कुल ₹123.45 करोड़ का अनुमानित निवेश होगा और 192 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। अयोध्या में 72.61 करोड़ रुपए के अनुमानित निवेश वाली एक आवासीय परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना के तहत 85 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। प्रयागराज में एक आवासीय परियोजना को मंजूरी दी गई है। इसमें 51.66 करोड़ रुपए का अनुमानित निवेश होगा और 109 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा। कानपुर में भी एक आवासीय परियोजना को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना में 201.72 करोड़ रुपए का अनुमानित निवेश होगा और 158 आवासीय इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।