Greater Noida News : जनपद में भूजल स्तर का पता लगाने के लिए लगेंगे पीजो मीटर
Greater Noida News : नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भूजल स्तर का पता लगाने के लिए नए पीजो मीटर लगेंगे। खासकर तालाबों के आसपास पीजो मीटर को लगाया जाएगा। ताकि हर जगह भूजल स्तर की हकीकत का पता चल सके। इस संबंध में जल शक्ति अभियान के केंद्रीय नोडल अधिकारी ने संबंधित अफसरों को निर्देश दिए हैं। अभी जिले में 171 पीजो मीटर लगे हैं, जो भूजल स्तर का आंकड़ा जुटाने के लिए पर्याप्त नहीं है। साथ ही भूजल को बचाने के लिए अधिक से अधिक मात्रा में गंगाजल की आपूर्ति करने को कहा हैं।
केंद्र सरकार के जल शक्ति अभियान के तहत भूजल को बचाने की कवायद चल रही है।
उन्होंने भूगर्भ जल विभाग को सभी प्राधिकरण के साथ मिलकर सोसाइटियों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का ऑडिट करने के निर्देश दिए है। अगर बंद है तो उनको तत्काल चालू कराना होगा। ताकि बारिश के पानी का संचय किया जा सके। तीनों प्राधिकरण के अफसरों को निर्देश देकर कहा है कि अधिक से अधिक मात्रा में गंगाजल की आपूर्ति करनी होगी। ताकि भूगर्भ जल का कम से कम दोहन किया जाए। सभी आरडब्ल्यूए के साथ बैठक कर पानी बचाने का प्रयास किया जाएगा। नोएडा अधिकारी ने बैठक के बाद सूरजपुर वेटलैंड, सेक्टर-123 स्थित एसटीपी और सेक्टर-31 स्थित आईटीआई में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम का जायजा लिया। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विद्यानाथ शुक्ला, सहायक अभियन्ता लघु प्रमोद कुमार सिंह, भूगर्भ जल विभाग लखनऊ के टेक्निकल ऑफीसर राहुल, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला भूगर्भ अधिकारी अंकिता राय, सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

