Greater Noida News : अवैध संबंध के शक में मजदूर की पीट- पीटकर हत्या

Jun 24, 2025 - 13:10
Greater Noida News : अवैध संबंध के शक में मजदूर की पीट- पीटकर हत्या

Greater Noida News : थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में स्थित एक यूनिवर्सिटी की निर्माणाधीन साइट पर एक मजदूर ने अपने साथी मजदूर की सोमवार को पीटकर हत्या कर दी। शराब पीने के दौरान दोनों में झगड़ा हुआ था। पुलिस का दावा है कि आरोपी को शक था कि मृतक के उसकी पत्नी से अवैध संबंध हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


Police Station Knowledge Park Greater Noida News : अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) सुधीर कुमार ने बताया कि मूलरूप से बिहार के जनपद मुजफ्फरपुर निवासी गोलू कुमार और जनपद मोतीहारी निवासी हरिमोहन नॉलेज पार्क स्थित जीएलए यूनिवर्सिटी की निर्माणाधीन साइट पर काम करते थे। दोनों साइट पर बनी अलग-अलग झुग्गी में रहते थे। सोमवार की रात दोनों एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे।

इसी दौरान आपस में दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि हरिमोहन ने पास पड़ी ईंट से साथी मजदूर गोलू के सिर पर हमला कर दिया। इस बीच उसे बुरी तरह पीटा। आरोपी गोलू को लहूलुहान हालत में छोड़कर मौके से भाग गया। साइट पर मौजूद अन्य मजदूरों ने झगड़े की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गोलू को अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में ठेकेदार की शिकायत पर आरोपी हरिमोहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई कर आरोपी हरिमोहन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की छानबीन में पता चला है कि गोलू कुमार के आरोपी की पत्नी से अवैध संबंध थे। इसी के चलते दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था।