Greater Noida News : जिम्स में सामान्य दिनों की तरह संचालित हुई ओपीडी
Greater Noida News : राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में आज सामान्य दिनों की तरह ओपीडी संचालित हुई। संविदा कर्मचारियों की हड़ताल की वजह से कई दिनों से ओपीडी बंद थी। अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात है।
अस्पताल के निदेशक ब्रिगेडियर डॉक्टर आर के गुप्ता ने दावा किया है कि स्वास्थ्य सेवाएं पुरी तरह से बहाल हों गई है। जिम्स में 15 जून से आउटसोर्स के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर मरीजों के बैठने वाले स्थान पर हड़ताल पर बैठ गए थे। अस्पताल में 24 जून की रात को पुलिस और कर्मचारियों के बीच झड़प हुई। इसके बाद 50 से अधिक कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया और निदेशक की ओर से कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पुलिस ने सात कर्मचारियों को जेल भेजा है। संस्थान मेंअब स्थिति सामान्य है। अस्पताल में ओपीडी का संचालन किया गया। जिम्स के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि मरीजों की परेशानी को देखते हुए यह कदम उठाया गया। इस दौरान 400 से ज्यादा मरीज आए और 36 को भर्ती किया गया। उन्होंने बताया कि जच्चा- बच्चा विभाग में भी मरीजों का उपचार शुरू हो गया है। अल्ट्रासाउंड, एक्सरे व अन्य सेवाएं पूरी तरह से शुरू हो गई हैं। सभी विभागों के डॉक्टर अपना काम सुबह से ही कर रहे हैं। सर्जरी भी शुरू कर दी गई है।
जिम्स प्रशासन ने जनरल मेडिसिन ओपीडी में ही कामन डॉक्टरों की टीम को बैठाया। इसमें आर्थो, डेंटल, ईएनटी, नेत्र के अलावा अन्य विभागों के डॉक्टरों की टीम ने मरीजों को देखा। परिसर में कोई भी कर्मचारी हड़ताल या कार्य से विरत नहीं दिखे। सभी सेवाएं धीरे-धीरे पटरी पर लौटती नजर आईं। उन्होंने बताया कि इस दौरान किसी भी हड़ताली कर्मचारियों ने विरोध- प्रदर्शन नहीं किया।

