Noida News : रैपीडो के कैब चालक ने महिला को दी रेप करने की धमकी, मुकदमा दर्ज
Noida News : थाना सेक्टर 39 में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि कैब चालक ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, मानसिक रूप से प्रताड़ित किया तथा रेप करने की धमकी दी। आरोपी ने कहा कि तुम्हारा रेप करके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दूंगा। इस बात से महिला काफी भयभीत है।
Police Station Sector 39 Noida News : थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि बीती रात को सेक्टर 100 स्थित लोटस बुलेवर्ड सोसाइटी में रहने वाली एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 25 जून की शाम को उन्होंने रैपीडो द्वारा एक कैब बुक की। उन्हें नोएडा से हजरत निजामुद्दीन स्टेशन जाना था। ड्राइवर का नाम अमित कश्यप था। वह कार लेकर उन्हें पिकअप करने आया। जैसे ही वह कार में बैठी कैब चालक ने उनसे गलत तरीके से बात करने की कोशिश की। उसने रास्ता बदलने की कोशिश की। जब उन्होंने इस बात का विरोध किया तो उसने गार्डन गैलरिया मॉल के पास कैब रोक दिया तथा उन्हें बीच रास्ते में छोड़कर चला गया।
पीड़िता के अनुसार उन्होंने दूसरी कैबे बुक की तथा रेलवे स्टेशन पहुंची। तब तक उनकी ट्रेन छूट गई थी। महिला के अनुसार कैब चालक ने दो बार बीच में फोन किया। अभद्र भाषा का प्रयोग किया और रेप करने की धमकी दी, तथा अश्लील बातें की। उसने यह भी बोला की रेप करके तेरी वीडियो बनाकर इंटरनेट पर डाल दूंगा।
महिला के अनुसार उन्होंने रैपीडो को भी इस बारे में शिकायत की लेकिन उन्होंने कैब चालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। महिला ने ड्राइवर की बातचीत को रिकॉर्ड किया है, जिसे उसने पुलिस को उपलब्ध करवाया है। महिला के अनुसार इस घटना के बाद वह काफी सदमे में है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता ने बीती रात को इस मामले में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी कैब चालक की तलाश कर रही है।

