Noida News : विभिन्न जगहों पर रहने वाले पांच लोग हुए साइबर ठगी के शिकार
Noida News : नोएडा के विभिन्न जगहों पर रहने वाले पांच लोगों को साइबर अपराधियों ने अपना शिकार बनाया। साइबर ठगों ने उनके खातों से एक करोड़ 62 लाख 77 हजार139 रुपए निकाल लिया। घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम श्रीमती शैव्या गोयल ने बताया कि बीती रात को उप निरीक्षक सनी कुमार मलिक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि दिग्विजय सिंघल निवासी गौतम बुद्ध नगर उम्र 44 वर्ष ने साइबर क्राइम के पोर्टल पर शिकायत की थी कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने शेयर ट्रेडिंग में इन्वेस्ट कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर उनके साथ 27 लाख 87 हजार 750 रूपए की ठगी की है। उन्होंने बताया कि उपनिरीक्षा के अनुसार इस मामले की जांच पूर्व में देवेंद्र कुमार द्वारा की गई। उनके प्रमोशन होने के बाद जांच उनके पास आई। जांच में यह पाया गया की पीड़ित के साथ ठगी हुई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित का मोबाइल फोन बंद जा रहा था। इस वजह से उप निरीक्षक द्वारा बीती रात को इस मामले में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
डीसीपी ने बताया कि एक अन्य मामले में उप निरीक्षक सनी कुमार मलिक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि श्रीमती बिंदु शर्मा पत्नी क्रिस्टोफर निवासी सेक्टर 92 ने साइबर क्राइम के एनसीआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि शेयर ट्रेडिंग में इन्वेस्ट कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने उनसे 42 लाख 13 हजार 714 रुपए की धोखाधड़ी की है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पाया गया कि महिला के साथ साइबर ठगी हुई है। डीसीपी ने बताया कि उपनिरीक्षक की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम श्रीमती शैव्या गोयल ने बताया कि संजय शर्मा पुत्र एसपी शर्मा निवासी सेक्टर 120 ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह रिटायर्ड अधिकारी हैं। पीड़ित के अनुसार 15 मई को उन्हें एक व्हाट्सएप कॉल आया। कुछ देर तक उन्होंने बात की। उसके बाद उन्होंने फोन काट दिया। पीड़ित के अनुसार फोन करने वाले ने खुद को बैंक का अधिकारी बताया था। इसके बाद उनके खाते से 9 लाख 51 हजार रुपए की रकम निकाल ली गई। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि बीती रात को श्रीमती रश्मि सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके बैंक से धोखाधड़ी करके बिना उनकी अनुमति के 8 लाख 24 हजार 675 रुपए निकाल लिया। पीड़ित के अनुसार यह घटना 22 जून की है। डीसीपी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि बीती रात को अरशद खान निवासी सेक्टर 8 ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनकी सेक्टर 8 में पेपर पैकेजिंग की कंपनी है। पीड़ित के अनुसार उनकी कंपनी के साथ धोखाधड़ी करके अज्ञात साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन 75 लाख रुपए की रकम निकाल ली है। पीड़ित के अनुसार साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल नंबर को हैक कर लिया तथा उनके बैंक डाटा हासिल कर उनके खाते से रकम निकाल ली। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

