Noida News : यूपी के मुख्यमंत्री का नोएडा दौरा आज, सौपेंगे विकास की सौगात, कई परियोजनाओं का होगा शिलान्यास और लोकार्पण
Noida News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गौतम बुद्ध नगर के दौरे पर हैं। इस दौरान वह यमुना सिटी में 15,023 करोड रुपए की निवेश वाली तीन बड़ी विनिर्माण परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इन निवेश से करीब 10 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री नोएडा में 390 करोड रुपए की लागत से बने नोएडा विकास प्राधिकरण के नए प्रशासनिक भवन का लोकार्पण करेंगे और 2,478 करोड रुपए की लागत की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री यमुना सिटी के सेक्टर-10 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी-2.0) पहुंचेंगे, जहां 15,023 करोड़ रुपये के निवेश वाली तीन औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में 3,250 करोड़ रुपये की लागत से असेंट-के सर्किट्स संयुक्त उपक्रम का इलेक्ट्रॉनिक सर्किट एवं सेमीकंडक्टर सर्किट निर्माण संयंत्र, 3,520 करोड़ रुपये के निवेश से अंबर एंटरप्राइजेज का होम एप्लायंसेज एवं कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण प्लांट तथा 8,253 करोड़ रुपये की लागत से सेल सोलर पी-6 का पांच गीगावाट का सोलर सेल और पांच गीगावाट सोलर मॉड्यूल निर्माण संयंत्र शामिल हैं।
CEO Noida Authority : सीईओ ने बताया कि असेंट-के सर्किट्स ईएमसी-2.0 में निर्माण शुरू करने वाली पहली कंपनी होगी। वहीं सेल सोलर पी-6 का संयंत्र उत्तर प्रदेश का पहला ऐसा प्लांट होगा, जहां सोलर सेल का निर्माण किया जाएगा। अभी प्रदेश में केवल सोलर मॉड्यूल का उत्पादन होता है। इन तीनों निवेशों से यमुना सिटी में इलेक्ट्रॉनिक्स और नवीकरणीय ऊर्जा आधारित औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर करीब 10 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
Chief Minister of Uttar Pradesh : मुख्यमंत्री दोपहर बाद सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण के सात मंजिला नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन करेंगे। वर्ष 2015 में शुरू हुए इस भवन का निर्माण अब पूरा हुआ है। इसके निर्माण में 390 करोड़ रुपये की लागत आई है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से बनी दो सीवर लाइनें तथा यमुना तट पर 18.40 करोड़ रुपये से पुनर्जीवित रेनीवेल-4 परियोजना का भी लोकार्पण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री उद्घाटन के बाद प्रशासनिक भवन के सातवें तल पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक भी करेंगे। कार्यक्रम के दौरान किसानों और उद्यमियों को प्लॉट आवंटन पत्र वितरित किए जाएंगे। परिसर में एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) तथा एमएसएमई प्रदर्शनी भी लगाई गई है। मुख्यमंत्री प्रस्तावित दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। डेढ़ हजार से अधिक पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की तैनाती की गई है। इनमें पांच कंपनी पीएसी के जवानों के अलावा आसपास के जिलों से पुलिस बल बुलाया गया है। अतिरिक्त पुलिस बल भी शामिल रहेगा।
DCP Greater Noida : डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो डीसीपी, चार एडीसीपी, 13 एसीपी, आठ इंस्पेक्टर, 255 सब इंस्पेक्टर, 32 महिला सब इंस्पेक्टर, 80 हेड कांस्टेबल, छह महिला हेड कांस्टेबल, 286 कांस्टेबल तथा 125 महिला कांस्टेबल सहित कुल 792 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

