Greater Noida News : कंपनी के मालिक की लापरवाही से मशीन में लगी आग, पांच श्रमिक झुलसे,एक की मौत

Apr 27, 2026 - 17:01
Greater Noida News : कंपनी के मालिक की लापरवाही से मशीन में लगी आग, पांच श्रमिक झुलसे,एक की मौत
Symbolic Image

Greater Noida News : थाना ईकोटेक- प्रथम में एक व्यक्ति ने सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एक कंपनी के मालिकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की लापरवाही के चलते उनके चाचा और कंपनी में काम करने वाले चार लोग काम करते समय मशीन मे आग लगने की वजह से जल गए। उपचार के दौरान बीती रात को उनकी मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

पुलिस आयुक्त ग्रेटर नोएडा डॉ प्रवीण रंजन सिंह ने बताया की सोमवार को संचित त्यागी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह ग्राम भनेड़ा जनपद गाजियाबाद के रहने वाले हैं। पीड़ित के अनुसार उनके चाचा प्रदीप कुमार पुत्र रोहतास करीब 4 साल से थाना ईकोटेक- प्रथम क्षेत्र में स्थित डीएफएम फूड्स लिमिटेड में फीटर के पद पर कार्यरत थे। पीड़ित के अनुसार उनके चाचा ने कंपनी में खराब मशीनों के बारे में कंपनी प्रबंधन को बताया था। उन्होंने आशंका व्यक्त की थी कि अगर मशीन ठीक नहीं हुई तो किसी कर्मचारी की जान जा सकती है। उन्होंने बताया कि पीड़ित के अनुसार कंपनी प्रबंधन ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।

 इसी बीच 17 अप्रैल को काम करते समय उनके चाचा और चार अन्य लोग कंपनी की मशीन के अंदर लगी आग की वजह से बुरी तरह से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर 26 अप्रैल की देर रात को उनके चाचा मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पीड़ित के अनुसार इस घटना में जले चार कर्मचारियों का उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर डीएफएम फूड्स लिमिटेड कंपनी के मालिक एवं वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।