Noida News : नोएडा मे इंडस्ट्रियल सेक्टर के लिए नया पुलिस सिस्टम तैयार, पुलिस उपायुक्त औद्योगिक का पद सृजित
Noida News : गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट में स्थित 15 हजार से ज्यादा राष्ट्रीय/ बहुराष्ट्रीय कंपनियों में काम करने वाले 4 लाख से ज्यादा श्रमिकों और उद्योगपतियों की समस्याओं के निदान के लिए पुलिस आयुक्त गौतम बुद्ध नगर द्वारा पुलिस उपायुक्त इंडस्ट्रियल का पद श्रृजित किया गया है।
Police Commissioner Gautam Budh Nagar : पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने बताया कि के कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस के तीनों जोनों में लगभग पन्द्रह हजार रजिस्टर्ड औद्योगिक इकाइयाँ है। जिनमें लघु उद्योग, मध्यम उद्योग तथा बृहद इकाइयाँ एवं बहुराष्ट्रीय तथा विभिन्न प्रकार के औद्योगिक प्रतिष्ठान शामिल हैं। जिनमें लगभग चार लाख श्रमिक कार्यरत होने के कारण इंडस्ट्रीज सेक्टर एक महत्वपूर्ण जोन बनकर उभरा है। लघु, मध्यम तथा अंतर्राष्ट्रीय कंपनियां, जिनमें जिला स्तरीय, प्रदेश स्तरीय, राष्ट्रीय स्तरीय एवं मल्टीनेशनल स्तरीय इकाइयां हैं, इनमें लगातार संवाद स्थापित करने, विभिन्न विभागों के साथ समन्वय करने, श्रमिक संगठनों, श्रमिक समूहों तथा श्रमिकों से सीधा संवाद स्थापित करने, उनकी शिकायतों के सम्यक निवारण के लिए, उत्तर प्रदेश सरकार तथा भारत सरकार द्वारा लागू सभी कानूनों का अनुपालन सुनिश्चित कराने हेतु एवं अलग-अलग जोनों की पुलिस को उनके क्षेत्र की समस्याओं के विषय में तत्काल सूचित करते हुए अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित करने के लिए पुलिस उपायुक्त, इंडस्ट्रियल का पद तदर्थ आधार पर कार्य करने हेतु निर्देशित किया जाता है। उन्होंने बताया कि उनके अधीनस्थ सहायक पुलिस आयुक्त इंडस्ट्रीज, 3 निरीक्षक तथा अलग-अलग रैंकों के 25 अधिकारी/कर्मचारीगण कार्यरत रहेंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस उपायुक्त इंडस्ट्रीज का सीयूजी नम्बर - 8595902508 रहेगा।
उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था एवं पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा विस्तृत रूप से तैयार कर स्थायीकरण हेतु तीन दिवस के अंदर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश लखनऊ एवं गृह विभाग उत्तर प्रदेश शासन को भेजेंगे। साथ ही, अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था द्वारा एक विस्तृत एसओपी तैयार कराकर जारी करेंगे। उन्होंने बताया कि यह सेल तत्काल प्रभाव से कार्य करना प्रारंभ करेगा।

