Greater Noida News : बुलेट मोटरसाइकिल से गोली जैसी आवाज निकालने से मना करने पर हुई थी किसान की हत्या, चार गिरफ्तार
Greater Noida News : थाना बादलपुर क्षेत्र के कुड़ी खेड़ा गांव में बीते 17 जनवरी की रात को हुई एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने आज चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में घायल एक व्यक्ति अभी भी अस्पताल में उपचाराधीन है। बताया जाता है कि यह घटना रोडरेज के चलते हुई थी। आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे, वे लोग बुलेट से गोली चलने जैसी आवाज निकाल रहे थे। पीड़ितों ने जब मना किया तो उन्होंने उनके ऊपर जानलेवा हमला किया।
Police Station Badalpur Greater Noida News : पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना बादलपुर क्षेत्र के कुड़ी खेड़ा गांव में रहने वाले कृष्ण पाल और सुंदर नामक दो लोग 17 जनवरी की देर रात को बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी कुड़ी खेड़ा गांव के ही रहने वाले अभिषेक, अमित, मनीष और आकाश नामक चार युवक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए। यै लोग तेज गति से वाहन चला रहे थे, तथा बुलेट मोटरसाइकिल से बंदूक की तरह आवाज निकाल रहे थे। इस बात को लेकर कृष्ण पाल और सुंदर ने विरोध किया तो दोनों पक्षों में कहा सुनी हो गई, तथा मारपीट हो गई। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने कृष्णपाल और सुंदर के ऊपर ट्यूबवेल में लगी ईट उखाड़ कर हमला कर दिया। इस घटना में कृष्ण पाल की मौत हो गई। जबकि सुंदर को गंभीर हालत में उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि सर्विलांस विधि और लोकल मुखबीरी तंत्र की सहायता से आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। एक आरोपी का मफलर घटनास्थल पर छूट गया था। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि आरोपी गांव छोड़कर भाग गए हैं, तथा कुछ का मोबाइल फोन बंद जा रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

