Greater Noida News : दहेज के लिए विवाहिता की हत्या करने का आरोप
Greater Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर के थाना दनकौर क्षेत्र के राजपुर कला गांव में बीती रात को विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मायके पक्ष ने आज महिला के ससुरालियों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि मेरठ के किनौनी गांव निवासी नितिन ने दनकौर कोतवाली में तहरीर दी कि उसकी 22 वर्षीय बहन निशा की शादी करीब आठ महीने पहले राजपुर कला गांव निवासी पवन से हुई थी। आरोप है कि शादी के समय परिवार ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुरालीजन स्कॉर्पियो कार और 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि पीड़ित ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर निशा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।नितिन के अनुसार कई बार परिवार के लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने और विवाद खत्म कराने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल पक्ष का व्यवहार नहीं बदला।
Police Station Dankaur Greater Noida News : आरोप है कि कल निशा ने फोन कर अपने परिजनों से अनहोनी की आशंका व्यक्त की थी। सूचना मिलने पर परिजन तत्काल राजपुर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने निशा को मृत अवस्था में पाया। आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर निशा की हत्या गला दबाकर की गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होने ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर पति पवन, जेठ भीम, पंकज और जेठानी पिंकी के खिलाफ आज मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह कहना कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस मामले में पुलिस गिरफ्तारी करेगी।

