Greater Noida News : जिम्स में नियमितीकरण को लेकर कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, मरीजों को हो रही है भारी परेशानी
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में नियमितीकरण की मांग को लेकर आउटसोर्सिंग कर्मचारी की ओर से चल रहा प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों का आरोप है कि जिम्स प्रशासन की ओर से नर्सिंग कॉलेजों में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही विद्यार्थियों को यहां पर इलाज के लिए बुलाया गया है। करीब 25 विद्यार्थी कॉलेजों से आए हैं। वहीं. आईसीयू से गंभीर स्थिति मरीजों को डिस्चार्ज करने का सिलसिला जारी है। बुधवार को एक गंभीर मरीज को जिम्स की ओर से डिस्चार्ज किया गया। मरीज की गंभीर स्थिति को देखकर तीमारदारों का गुस्सा देखने को मिला। तीमारदारों का कहना है कि करीब 8 दिन पहले झांसी से अच्छे इलाज की उम्मीद में उन्होंने मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया था। लेकिन मरीज की स्थिति अधिक बिगड़ने पर डिस्चार्ज कर दिया गया।
कर्मचारियों के हड़ताल के चलते स्वास्थ्य सुविधाएं चरमरा गई हैं। ओपीडी, इमरजेंसी और आईसीयू मे मरीज बेहाल है। लैब मे रक्त व अन्य प्रकार की जांच न होने से मरीज और परिजन चिंतित है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम सदर भी जिम्स अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों को समझाने का प्रकाश प्रयास किया लेकिन वह अपनी मांगों पर डटे रहे। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होगी तब तक हड़ताल समाप्त नहीं की जाएगी। हड़ताल और लंबा खींचने की संभावना है।
जिम्स के निदेशक ब्रिगेडियर डॉक्टर आर के गुप्ता ने बताया कि ऐसा कोई नियम नहीं है कि बिना परीक्षा के स्थाई नौकरी पर रखा जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल के संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों को भड़काने से दूसरे दलों के लोगों का हाथ है। उनके उकसावे में आकर ही कर्मचारी हड़ताल पर बैठे हैं। इन्हें समझाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इनकी नौकरी नहीं जाएगी इसकी गारंटी है।

