Noida News : सांसद सहित दस सदस्यी सपा के डेलिगेशन ने की पुलिस आयुक्त से मुलाकात

Jun 17, 2026 - 18:31
Noida News : सांसद सहित दस सदस्यी सपा के डेलिगेशन ने की पुलिस आयुक्त से मुलाकात

Noida News : समाजवादी पार्टी का एक 10 सदस्यी डेलिगेशन आज पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह से उनके सेक्टर 108 स्थित आफिस मे मिला। पहले इस डेलिगेशन को सेक्टर 150 स्थित गढी समस्तीपुर गांव निवासी मोनिंदर के घर जाना था, लेकिन डेलिगेशन ने अपना तय कार्यक्रम बदलते हुए पुलिस आयुक्त से मुलाकात की। पुलिस आयुक्त से डेलिगेशन ने कहा कि मोनिंदर की मां ने आरोप लगाया है कि उसके दोनों बेटे को पुलिस ने फंसाया है। सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि मोनिंदर ने पानी के गड्ढे में डूबकर मरने वाले युवराज की जान बचाने का प्रयास किया था। इससे उसकी लोकप्रियता बढ़ी, जिसकी वजह से कुछ लोग उससे ईर्ष्या करने लगे हैं। उन्होंने मांग की की इस घटना की निष्पक्ष जांच की जाए।

पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया कि मोनिंदर और उसके भाई आदतन अपराधी हैं। मोनिन्दर के खिलाफ बलात्कार ,गुंडा एक्ट, बलवा सहित पूर्व में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी दुकानदारों की शिकायत पर हुई। दुकानदारों ने आरोप लगाया था कि वह उनसे रंगदारी मांगता है। डेलिगेशन की बात सुनने के बाद पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने इस मामले की निष्पक्ष जांच क्राइम ब्रांच से कराने की बात कही। इस बात से आश्वस्त होकर डेलिगेशन वापस लखनऊ के लिए रवाना हो गया। 

मालूम हो कि नोएडा के सेक्टर 150 स्थित गढी समस्तीपुर गांव निवासी मोनिंदर और उसके भाई नरेंद्र को थाना नॉलेज पार्क पुलिस द्वारा व्यापारियों से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद उसकी मां सुनीता ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलकर आरोप लगाया था कि उनके बेटे को पुलिस ने प्रताड़ित किया है। मोनिन्दर इंजीनियर युवराज की पानी से भरे गड्ढे में डूब कर हुई मौत के मामले में उस समय चर्चा मे आया था जब उसने यह बयान दिया था कि पुलिस खड़ी रही और इंजीनियर पानी में डूब गया। उसने इंजीनियर को बचाने का प्रयास किया। इस मामले को देखते हुए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जिला गौतम बुद्ध नगर के सपा अध्यक्ष सुधीर भाटी, हरेंद्र मलिक सांसद, शाहिद मंजूर विधायक, योगेश वर्मा पूर्व विधायक, डॉ आश्रय गुप्ता नोएडा महानगर अध्यक्ष, सुनील चौधरी पूर्व प्रत्याशी नोएडा, राहुल अवाना, फकीरचंद नागर पूर्व जिला अध्यक्ष ,मनोज चौधरी जिला अध्यक्ष बागपत और रोहित मत्ते के नेतृत्व में 10 सदस्यीय कमेटी बनाकर 17 जून को मोनिंदर के परिजनों से मिलने के लिए भेजा था।

वहीं बसपा का भी एक डेलिगेशन इस मामले को लेकर अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा से आज मिला। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच कराने की बात कही।