Ghaziabad News : बीबीए के छात्र पर जानलेवा हमला करने के आरोपी तीन गिरफ्तार

Jun 21, 2026 - 19:23
Ghaziabad News : बीबीए के छात्र पर जानलेवा हमला करने के आरोपी तीन गिरफ्तार

Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना नंदग्राम पुलिस ने क्षेत्र की 100 फुटा रोड पर 19 जून को बीबीए छात्र तरुण पर पथराव व फायरिंग करने की घटना का रविवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हमला करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, बाइक बरामद की गई है। पूछताछ में पता चला है कि आरोपियों ने रंजिशन तरुण पर हमला किया। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि पकड़े गए आरोपी नंदग्राम के अटौर निवासी आकाश त्यागी, सिहानी गेट के न्यू आर्य नगर निवासी सागर पंडित और नंदग्राम के सेवानगर निवासी राहुल शर्मा है। राहुल बीटेक, सागर बीसीए और आकाश बीबीए का छात्र है।

ACP Nandgram Ghaziabad : एसीपी नंदग्राम ने बताया कि 19 जून को नंदग्राम के रहने वाले तरुण पर कुछ लोगों ने हमला किया था। हमले में तरुण गोली लगने से घायल हुआ था। मामले में तरुण ने आकाश त्यागी, सुमित त्यागी, सागर पंडित, राहुल शर्मा, सागर और कुछ अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी थी। रविवार को पुलिस ने हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने तरुण पर हमला करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया 19 जून को राहुल शर्मा ने तरुण के ऊपर फायरिंग की थी। कारण पूछने पर सागर पंडित ने बताया कि तीन दिन पहले तरुण ने उसके साथ मारपीट की थी। जिससे उसके होंठ और दाएं हाथ की कोहनी के पास चोट आई है। इसी को लेकर वह गुस्से में था। उसने अपने साथियों के मारपीट की बात बताई। इसके बाद उन्होंने तरुण पर हमला करने की साजिश रची। 19 जून को उन्होंने तरुण को बात करने के लिए बुलाया था। सेफ्टी के तौर पर उसने राहुल शर्मा को ले जाने के लिए कहा था। मौके पर विवाद बढ़ गया। इस पर राहुल ने गोली चलाई, जो तरुण को लग गई। फिर सभी मौके से भाग गए। बाइक के संबंध में आकाश ने बताया यह बाइक उसके दोस्त जतिन के नाम पर है, जो उसने चलाने के लिए ले रखी थी। 

एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि जांच में पता चला कि दोनों पक्ष अलग-अलग हिंदू संगठनों से जुड़े हैं। तरुण पर मारपीट व धोखाधड़ी के तीन और सागर पर पांच मुकदमे पहले से दर्ज हैं।एसीपी ने बताया आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि घटना में प्रयुक्त पिस्टल नंदग्राम के शिवम चौधरी ने उन्हें उपलब्ध कराई थी। एसीपी का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही पिस्टल उपलब्ध कराने वाले की भी तलाश में पुलिस जुटी है।