Ghaziabad News : पत्नी से झगड़े के बाद सौतेली बेटी की हत्या, गिरफ्तार
Ghaziabad News : गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने उसकी डेढ़ वर्षीय की बेटी की हत्या कर दी है। महिला के अनुसार आरोपी उसका दूसरा पति है। बच्ची पहले पति से थी। पुलिस ने आरोपी को आज गिरफ्तार कर लिया है।
सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि थाना खोड़ा क्षेत्र के दीपक विहार कालोनी में रहने वाली नाजो खातून ने अपने दूसरे पति बिहार के छपरा जनपद निवासी अनूप कुमार पटेल पर अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार वारदात 14 दिसंबर की है। लेकिन पीड़िता ने बीती रात को पुलिस से मामले की शिकायत की। पुलिस ने आज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया है कि उसने अपनी बेटी की हत्या की थी। उसने कहा कि उसकी पत्नि नाजो की पहली शादी से हुई बच्ची नसरीन की वजह से घर मे विवाद होता था। झगड़े से तंग आकर उसने हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पूछताछ में हत्यारोपी अनूप ने बताया कि वह मजदूरी करता है। करीब एक साल पहले नाजो खातून से उसने मंदिर में प्रेम विवाह किया था। उस समय नाजो के पहले पति से एक छह माह की बच्ची भी थी। उसने बताया कि बच्ची उसके साथ ही रहती थी और अक्सर उसकी वजह से नाजो से उसका झगड़ा होता रहता था। 14 दिसंबर को भी आपसी विवाद के दौरान जब बच्ची रोई तब उसने आवेश में आकर उसकी हत्या कर दी। एसीपी ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में बच्ची की वजह से हो रहे झगड़ों से तंग आकर बच्ची को मारने की बात स्वीकार की है।

