Greater Noida News : वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधायक व सीईओ ने किया महाकवि कालिदास पुस्तकालय का भूमि पूजन

Greater Noida News : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र के दनकौर स्थित किसान आदर्श इंटर कॉलेज में ज्ञान, साहित्य और शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए मंगलवार को एक नई पहल शुरू की गई।
इस पहल के तहत आज महाकवि कालिदास पुस्तकालय का जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह एवं यीडा सीईओ डा. अरुण वीर सिंह की मौजूदगी में भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। महाकवि कालिदास पुस्तकालय की स्थापना यमुना प्राधिकरण के सौजन्य से की गई है। जिसमें 35 लाख रुपए की धनराशि खर्च होगी तथा 6 माह में बनकर तैयार हो जाएगी।
इस पुस्तकालय का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट पाठ्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ साहित्यिक विरासत से भी जोड़ना है। यह पुस्तकालय छात्र-छात्राओं के लिए ज्ञान का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
पुस्तकालय के भूमि पूजन के अवसर पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि शिक्षा से ही समाज की दिशा तय होती है। विद्यालयों में पुस्तकालयों की स्थापना से नई सोच और जागरूकता का विस्तार होगा। यह पुस्तकालय सांस्कृतिक और साहित्यिक पहचान भी देगा। इस मौके पर विधायक ने पुस्तकालय में शैक्षिक, साहित्यिक, ऐतिहासिक आदि विषयों पर आधारित पुस्तकें उपलब्ध कराए जाने की भी घोषणा की।
यीडा सीईओ डा. अरुण वीर सिंह ने कहा कि यमुना प्राधिकरण का प्रयास है कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ क्षेत्रीय सामाजिक और शैक्षिक विकास को भी प्राथमिकता दी जाए। यह पुस्तकालय उसी दिशा में एक छोटा, लेकिन मजबूत कदम है।
कार्यक्रम के दौरान यमुना प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी शैलेंद्र सिंह, सीनियर मैनेजर बीपी सिंह सहित भारी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।