Greater Noida News : बाल वाटिकाएं होगी हाईटेक

Aug 13, 2025 - 12:50
Greater Noida News :  बाल वाटिकाएं होगी हाईटेक
बाल वाटिकाएं होगी हाईटेक

Greater Noida News : जनपद गौतम बुद्ध नगर की बाल वाटिकाएं भी हाईटेक होंगी। इसके लिए जिले के चारों ब्लॉक में विलय के बाद खाली हुए 39 स्कूलों में बाल वाटिका का औपचारिक संचालन 15 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। इन स्कूलों में मिलने वाली कंपोजिट ग्रांट शिफ्ट हुए स्कूलों में खर्च नहीं की जाएगी। कंपोजिट ग्रांट के रूप में मिलने वाले एक करोड़ रुपये बाल वाटिका को मॉडल बनाने पर खर्च किए जाएंगे। इससे नन्हे बच्चों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

इन स्कूलों में प्री प्राइमरी की कक्षा संचालित होंगी। तीन साल से छह साल तक के बच्चे इन बाल वाटिका में पढ़ाई करेंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि बाल विकास एवं पुष्टाहार विकास विभाग के सहयोग से बाल वाटिकाओं का संचालन होगा। खाली भवनों में साफ-सफाई, रंगाई और मरम्मत सहित अन्य कार्य करा दिए गए हैं। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी मानकों पर कार्य किए गए हैं।
जहां इन स्कूलों के बच्चों को शिफ्ट किया गया है। वहां कंपोजिट ग्रांट खर्च नहीं किया जाएगा। बाल वाटिका को मॉडल बनाने पर कंपोजिट ग्रांट खर्च होगा। इन स्कूलों को हर साल 25 हजार रुपये ग्रांट के तौर पर मिलते हैं। यह रकम बच्चों के लिए आवश्यक खेलकूद सामग्री, स्टेशनरी, पेंसिल, कलर, फोम वाली दरी खरीदने पर खर्च की जाएगी। 15 अगस्त को स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों के माध्यम से यहां पर ध्वजारोहण कराया जाएगा। ऐसे गांव के स्कूल जहां आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन नहीं होता है। वहां खाली हुए स्कूलों में युवाओं के लिए लाइब्रेरी का निर्माण की सुविधाओं को बढ़ाते हुए कंप्यूटर व किताबों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इसका लाभ प्रतियोगी परीक्षा की तैयार कर रहे युवाओं को मिल सकेगा।