Ghaziabad News : मकान मालकिन ने फोन पर बात करना किया बंद तो पूर्व किराएदार ने कर दी हत्या
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र की प्रेम नगर कॉलोनी में 26 जुलाई को हुई हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने आज एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूर्व किराएदार ने फोन पर बातचीत बंद करने के विवाद में एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को आज गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त गाजियाबाद सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि यह घटना 26 जुलाई को हुई थी। आरोपी फैजान उर्फ बहरा ने रिजवाना नामक महिला की हत्या की। उसने प्लास्टिक की रस्सी का इस्तेमाल कर महिला का गला घोंट दिया था। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। घटना के समय रिजवाना के दो छोटे बच्चे घर पर मौजूद थे। बच्चों के सामने ही इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की। आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित की गईं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आज फैजान उर्फ बहरा को लोनी थाना क्षेत्र से पकड़ लिया है।
उनके अनुसार, फैजान उर्फ बहरा पहले रिजवाना के घर में किराए पर रहता था। दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। रिजवाना ने फैजान से फोन पर बात करना बंद कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर फैजान ने यह खौफनाक कदम उठाया। 26 जुलाई को वह रिजवाना के घर पहुंचा और विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी।
हत्या की सूचना मिलते ही लोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी फैजान उर्फ बहरा ही इस घटना का जिम्मेदार है। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी का इस्तेमाल किया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

