Ghaziabad News : कावड़ यात्रा ड्यूटी को लेकर सत्यम पंडित की मांग ने बढाई मुश्किल, सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने की मुकदमा दर्ज करने की मांग
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद में रहने वाले हिंदूवादी नेता सत्यम पंडित के विवादित वीडियो सामने आने के बाद उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्होंने कथित तौर पर कांवड़ यात्रा के दौरान एक मुस्लिम अधिकारी की जगह हिंदू अधिकारी की नियुक्ति करने की मांग की थी। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद पुलिस ने सत्यम पंडित के कांवड़ यात्रा के दौरान तैनात एक मुस्लिम पुलिस अधिकारी को ड्यूटी से हटाने संबंधी बयान की जांच शुरू कर दी है। हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता सत्यम पंडित के दो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। एक एक वीडियो गाजियाबाद से जुड़ा है।
एक वीडियो में सत्यम पंडित ने कहा कि किसी भी मुस्लिम अधिकारी की कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी नहीं लगाई जानी चाहिए। सत्यम पंडित ने कथित तौर पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नंदग्राम के सहायक पुलिस आयुक्त जियाउद्दीन अहमद को हटाने और उनकी जगह एक हिंदू अधिकारी को नियुक्त करने की मांग की थी।
पुलिस उपायुक्त (सिटी/ट्रांस हिंडन) धवल जयसवाल ने बताया कि पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लिया है। वीडियो की जांच की जा रही है। जांच के नतीजों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
हाल ही में सत्यम पंडित का एक और वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वह जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से संबंधित दो युवा प्रदर्शनकारियों से पूछताछ करता नजर आ रहा है। वह प्रदर्शनकारियों से उनके नाम, पता और धर्म पूछता नजर आ रहा है। वीडियो में सत्यम दो प्रदर्शनकारियों के साथ गालीगलौज करता नजर आ रहा है।
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भी वायरल वीडियो शेयर करते हुए सत्यम पंडित को गिरफ्तार किए जाने की मांग की है। महुआ मोइत्रा ने भी सत्यम पंडित के वायरल वीडियो को लेकर दिल्ली पुलिस से एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वह खुद भी रिपोर्ट दर्ज करा सकती हैं।
वहीं गाजियाबाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को परेशान करने के मामले में कहा कि चूंकि वह वीडियो दिल्ली पुलिस के क्षेत्राधिकार से जुड़ा है इसलिए गाजियाबाद पुलिस इसकी जांच नहीं कर रही है। सत्यम पंडित से उसकी प्रतिक्रिया जानने के लिए कोशिशें की गईं लेकिन बार-बार प्रयास करने के बावजूद सत्यम पंडित से टिप्पणी के लिए संपर्क नहीं हो सका।
सत्यम पंडित 'हिंदू वीर सेना' का संस्थापक बताया जाता है। सत्यम पंडित गाजियाबाद में काफी एक्टिव बताया जाता है। सत्यम पंडित जेल भी जा चुका है। अगस्त 2024 में मुसलमानों के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के आरोप में उसको गिरफ्तार किया गया था। पहले भी वीडियो वायरल होने के मामलों में गाजियाबाद पुलिस उस पर कार्रवाई कर चुकी है।

