Ghaziabad News : भाजपा नेता पंडित सुनील भराला ने की सूर्या की मां से मुलाकात
Ghaziabad News : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय परशुराम परिषद के संस्थापक पंडित सुनील भराला ने सोमवार को खोड़ा कॉलोनी मे पहुंचकर चर्चित सूर्या हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पंडित सुनील भराला ने दिवंगत सूर्या के परिजनों से बातचीत कर घटना की पूरी जानकारी ली तथा परिवार के दर्द को साझा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। एक युवा की इस प्रकार निर्मम हत्या ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। दोषियों के विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी कानून व्यवस्था को चुनौती देने का साहस न कर सके।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और न ही किसी अपराधी को बख्शा जाएगा। उन्होंने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने तथा उन्हें कड़ी सजा दिलाने की मांग की।
उन्होने कहा कि पीड़ित परिवार इस कठिन समय में स्वयं को अकेला न समझे। समाज और संगठन उनके साथ मजबूती से खड़ा है। न्याय की लड़ाई में हर स्तर पर परिवार का सहयोग किया जाएगा। उन्होंने दिवंगत सूर्या को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

